कोरोना को लेकर केंद्र सरकार की चिट्ठी पर भड़के खुर्शीद, कहा- ''भारत जोड़ो यात्रा'' नहीं रुकेगी

punjabkesari.in Monday, Dec 26, 2022 - 06:27 PM (IST)

अमरोहा (मोहम्मद आसिफ): उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी पहुंचे। जहां सलमान खुर्शीद ने कहा कि 'भारत जोड़ो यात्रा' सब को एकसाथ जोड़ने का काम कर रही है। इस यात्रा को रोकने के लिए ऐरे-गैरे, नत्थू खैरे के माध्यम से कोरोना का बहाना लेकर चिट्ठी जारी की जा रही है लेकिन, ऐसी चिट्ठियों से यह यात्रा रुकेगी नहीं'। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में सबका स्वागत है।

3 जनवरी को गाजियाबाद में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा
बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में सबका स्वागत है। भारत जोड़ो यात्रा में वो लोग भी शामिल हुए है, जिनका कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है। यह एक पहली यात्रा ऐसी है, जिसमें दिव्यांग भी दौड़ते हुए नजर आ रहे हैं। सलमान खुर्शीद ने आगे कहा कि राहुल गांधी इस यात्रा के माध्यम से लोगों के दिलों तक जुड़े रहे हैं। पहले यह यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश नहीं करने का प्लान था लेकिन, उत्तर प्रदेश वासियों के आग्रह पर अब यह यात्रा 3 जनवरी को उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद से प्रवेश करेगी।
PunjabKesari
किसी चिट्ठी से नहीं रुकेगी यात्रा- पूर्व केंद्रीय मंत्री
कोरोना वायरस के चलते स्वास्थ्य मंत्री के लेटर लिखने पर कहा कि किसी ऐरे-गैरे, नत्थू खैरे के कहने से और लेटर लिखने से भारत जोड़ो यात्रा नहीं रुकने वाली। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के द्वारा दिए गए बयान 'भारत का विभाजन कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ है, राहुल गांधी को इस्लामाबाद से या ढाका से यात्रा शुरू करनी चाहिए' पर कहा कि भारत का विभाजन जिस समय हुआ उस समय कुछ लोग थे, जो बाहर से आकर हम पर हावी हुए थे। उनको निकालने का आंदोलन चला था।
PunjabKesari
उन्होंने आगे कहा कि जिस आंदोलन में भारतीय जनता पार्टी के लोग नहीं थे। उन्होंने तो राष्ट्रीय ध्वज झंडा भी लगाने से इनकार कर दिया था और 25 साल तक उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज अपने किसी दफ्तर पर नहीं लगाया वो हमें बता रहे हैं। भारत का विभाजन हुआ इसका हम अत्यंत दुख है, लेकिन आज तो भारत का विभाजन फिर से ना हो अगर हमारे मन का विभाजन हो गया तो फिर भारत भारत कहा रहेगा। ये संदेश हम लेकर आये हैं। वो क्या कहते हैं उसको भूल जाइये।
PunjabKesari
'यात्रा के माध्यम से लोगों का दर्द भी बाहर निकल रहा है'
वहीं, नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस की यात्रा से हर व्यक्ति की आवाज उठाई जा रही है। इस यात्रा के माध्यम से लोगों का दर्द भी बाहर निकल रहा है। नोटबंदी के समय पर जो गरीब परेशान हुए हैं। वह अभी अब अपने दर्द को बयां करते हुए राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश में आने वाली भारत जोड़ो यात्रा के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर तैयारियों में जुटने का आह्वान भी किया। दरअसल सोमवार यानी आज गजरौला में हसनपुर मार्ग पर स्थित एक प्रतिष्ठान पर आयोजित हुई प्रेस वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने यह बयान दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Recommended News

Related News

static