कानपुर बिकरू कांड: खुशी दुबे बोली—'गरीब ब्राह्मण बेटी की मदद के लिए धन्यवाद', अखिलेश यादव की पहल से बची मां की जान!
punjabkesari.in Monday, Jan 12, 2026 - 12:21 PM (IST)
Kanpur News: कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड से जुड़ी खुशी दुबे की मां गायत्री का लखनऊ के एक निजी अस्पताल में सफल ऑपरेशन हो गया है। लंबे समय से बीमार चल रहीं गायत्री की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। परिवार की खराब आर्थिक स्थिति के कारण इलाज में काफी देरी हो रही थी, लेकिन समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मदद से यह संभव हो सका।
खुशी दुबे ने मदद के लिए अखिलेश यादव से संपर्क किया, सपा ने उठाया पूरा इलाज खर्च
मिली जानकारी के मुताबिक, खुशी दुबे ने बताया कि बिकरू कांड के बाद उन्हें करीब दो साल जेल में रहना पड़ा था। इस दौरान उनकी मां की तबीयत लगातार बिगड़ती गई। डॉक्टरों ने साफ कहा था कि अगर जल्द ऑपरेशन नहीं हुआ तो उनकी जान को खतरा हो सकता है। लेकिन परिवार के पास इलाज के लिए पैसे नहीं थे। कई जगह मदद मांगी गई, लेकिन कहीं से राहत नहीं मिली। इसके बाद खुशी दुबे ने अखिलेश यादव से संपर्क किया और अपनी मां की हालत के बारे में बताया। अखिलेश यादव ने तुरंत पार्टी नेताओं को निर्देश दिए और लखनऊ के एक निजी अस्पताल में गायत्री को भर्ती कराया गया। समाजवादी पार्टी ने ऑपरेशन और दवाइयों का पूरा खर्च उठाया।
ऑपरेशन सफल, खुशी दुबे ने सोशल मीडिया पर जताया आभार, मां की हालत में सुधार
बताया जा रहा है कि शनिवार को गायत्री का ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो गया। इसके बाद खुशी दुबे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अखिलेश यादव का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अगर यह मदद नहीं मिलती तो उनकी मां की जान बचाना मुश्किल हो जाता। खुशी ने भावुक होकर कहा कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी ने उनके परिवार को मुश्किल समय में सहारा दिया है, जिसके लिए वह जीवन भर आभारी रहेंगी। फिलहाल गायत्री की हालत में सुधार है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

