फौजी ने पहले पत्नी-बेटे को गोलियों से भूना, फिर खुद ट्रेन के आगे लेटकर दी जान; खौफनाक वारदात से कांपा कानपुर
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 02:18 PM (IST)
Kanpur News: औद्योगिक नगरी कानपुर के सेन पश्चिम पारा इलाके में सोमवार की सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने रूह कंपा दी। बखरिया गांव में रहने वाले एक रिटायर्ड फौजी ने अपनी ही लाइसेंसी बंदूक से अपनी पत्नी और इकलौते बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। अपनों का खून बहाने के बाद फौजी ने खुद भी रेलवे ट्रैक पर जाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
घर के अंदर बिछी थीं लाशें, बाहर से खुला था दरवाजा
घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को कथोगर-इमलीपुर रेलवे अंडरपास के पास एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड और बाइक के कागजों से उसकी पहचान रिटायर्ड फौजी चेतराम पासवान के रूप में हुई। जब पुलिस चेतराम के घर सूचना देने पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अफसरों के होश उड़ गए। कमरे के अंदर चेतराम की पत्नी सुनीता (40) और बेटे दीप (16) के खून से लथपथ शव पड़े थे। पास ही वह डबल बैरल बंदूक भी बरामद हुई, जिससे गोलियां चलाई गई थीं।
पहले 'कत्ल' फिर 'खुदकुशी'
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, चेतराम ने देर रात या तड़के पहले अपनी पत्नी और बेटे को गोलियों से छलनी किया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और मालगाड़ी के सामने लेट गया। घर का दरवाजा बाहर से खुला छोड़ना यह संकेत देता है कि वह पूरी तैयारी के साथ निकला था।
वजह तलाश रही पुलिस: क्या पारिवारिक कलह बनी काल?
एक फौजी जिसने सरहद पर देश की रक्षा की, उसने अपने ही परिवार को क्यों खत्म कर दिया? यह सवाल अब पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है। गांव वालों और रिश्तेदारों से पूछताछ में शुरुआती तौर पर 'पारिवारिक कलह' की बात सामने आ रही है।पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं ताकि हत्या के पीछे के असल मकसद का पता लगाया जा सके।

