मैनपुरी सीट को लेकर सपा का बड़ा बयान आया सामने,कहा- 'मैनपुरी सीट पर हमसे लड़ने की किसी की हैसियत नहीं'

punjabkesari.in Sunday, Nov 13, 2022 - 11:43 AM (IST)

Mainpuri: समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के प्रतिनिधित्व वाली मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है। जिसके लिए सपा ने डिंपल यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसे लेकर सपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा का बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि डिंपल यादव ही चुनाव जीतेंगी। मैनपुरी सीट पर हमसे टकराने की किसी की हैसियत नहीं है।

बता दें कि जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने बीते दिन शनिवार को अखिलेश यादव से उनके पिता मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद शिष्टाचार भेंट की। इसी दौरान वहां पर सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा भी मौजूद रहे। वहीं, उन्होंने मीडिया से मैनपुरी उपचुनाव को लेकर बात करते हुए कहा कि, ''मैनपुरी सीट सपा जीत रही है। मैनपुरी सीट पर उनकी पार्टी ने दमदार और शानदार प्रत्याशी डिंपल यादव के तौर पर उतारा है. इस सीट पर हमसे लड़ने की किसी की हैसियत नहीं है, सीट हम ही जीतेंगे।''

वहीं, किरणमय नंदा ने 2024 में होने वाले चुनाव को लेकर कहा कि, '' साल 2024 में सपा विपक्षी पार्टियों के साथ मिलकर भाजपा को जीतने से कैसे रोके, इस पर विचार और मंथन कर रही है, क्योंकि अखिलेश यादव ही देश को अब बचा सकते हैं। ऐसे में हम लोग 2024 में ज्यादा से ज्यादा सीट लेकर आएंगे ताकि हिंदुस्तान में भाजपा की सरकार न बन सके।'' दरअसल मैनपुरी सीट को अपने कब्जे में लेने के लिए भाजपा भी एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। इसी बीच यह भी अटकलें सामने आ रही है कि शिवपाल यादव मैनपुरी सीट पर सपा का खेल बिगाड़ सकते हैं।

दरअसल, रामपुर से आजम खान और खतौली से विक्रम सैनी की विधायकी रद्द होने के बाद दोनों सीटें खाली हुई हैं। साथ ही मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद रहे सपा के संस्थापक मुलायम सिंह के निधन के बाद ये सीट भी खाली हुई है।अब इन्हीं तीनों सीटों को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट हुई हैं। जिसके लिए 5 दिसंबर को मतदान होगा और 8 दिसंबर को मतगणना होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Recommended News

Related News

static