जो इतिहास आगे बढ़ने से रोके, उसे इतिहास ही रहने दीजिए: अखिलेश बोले- ‘करणी सेना भाजपा का ट्रूपर्स’
punjabkesari.in Wednesday, Apr 16, 2025 - 04:04 AM (IST)

Lucknow News: राणा सांगा पर सपा सांसद रामजीलाल सुमन की आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर करणी सेना के उग्र तेवर की चर्चा किये बगैर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि जो इतिहास आगे बढ़ने से रोकता हो, सामाजिक सद्भाव, एकता और भाईचारे में बाधा हो उसे इतिहास ही रहने देना चाहिए।
करणी सेना को बताया भाजपा का ट्रूपर्स
सपा अध्यक्ष ने पार्टी आफिस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में करणी सेना के लोगों द्वारा दी जा रही धमकी के सवाल पर कहा “ ये सब भाजपा के लोग है। भाजपा के ट्रूपर्स है। जिस दिन केन्द्र सरकार ने हमारी एनएसजी सुरक्षा वापस लिया था उसी दिन हमें इनकी नीयत का पता चल गया था। जो लोग खुद एनएसजी सुरक्षा रखे हुए हैं वे डरपोक हैं। वे भी अपनी एनएसजी सुरक्षा वापस करें। हम लोग डरने वाले नहीं है।”
अराजक तत्व खुलेआम हत्या करने और गोली मारने की धमकी दे रहे
राणा सांगा को लेकर पूछे गये सवाल पर उन्होंने कहा “ हम राजाओं के खिलाफ नहीं है। राजाओं की कोई जाति नहीं होती। राजा सिर्फ राजा होता था। इतिहास में सभी राजाओं ने तत्कालीन परिस्थितियों और हालात के हिसाब से फैसला लिया है। मैने कई मौकों पर कहा कि जो इतिहास आगे बढ़ने से रोकता हो, सामाजिक सद्भाव, एकता और भाईचारे में बाधा हो उसे इतिहास ही रहने देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अराजकता चरम पर है। अराजक तत्व खुलेआम हत्या करने और गोली मारने की धमकी दे रहे है। क्या यहीं संविधान और कानून का शासन है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा अगर चार सौ सीटे जीती होती तो आज सड़कों पर तलवारें चल रही होती। संविधान खत्म हो गया होता।
भाजपा समाज में नफरत फैला रही
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा समाज में नफरत फैला रही है। जहर घोल रही है। भाजपा किसानों की समस्याओं, नौकरी, रोजगार, महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने को नए-नए मुद्दे उछालती है। भाजपा की नीयत न्याय और हक देने की नहीं है। भाजपा पीडीए के आरक्षण के खिलाफ है। हम पहले दिन से कह रहे है कि भाजपा आरक्षण नहीं देगी। सभी भर्तियों में आरक्षण के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हो गयी है। अस्पतालों में आग लगने की घटनाएं हो रही है। तमाम तरह का भ्रष्टाचार है। अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों में गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। अगर सरकार ने गोरखपुर में ऑक्सीजन की कमी से हुई बच्चों की मौतों से सबक लिया होता और गाइडलाइन लागू किया होता तो झांसी मेडिकल कॉलेज और लखनऊ के अस्पताल में आग लगने की घटना नहीं होती। लोग कहते है कि खराब सामान और अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए भी आग लगा दी जाती है।
भाजपा सरकार में आईएएस भ्रष्टाचार करके भागा हुआ है
यादव ने कहा कि यह सरकार जाने वाली है। इसलिए मुख्यमंत्री इस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। भाजपा पीडीए की ताकत से घबरायी है। मुख्यमंत्री जीरो की बात करते है। कभी कानून व्यवस्था और अपराध पर जीरो टॉलरेंस और कभी जीरो पावर्टी। भाजपा सरकार जीरो हो चुकी है। कमीशनखोरी चरम पर है। आईएएस भ्रष्टाचार करके भागा हुआ है। भूमाफिया जमीनों पर कब्जा कर रहे है। गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। दो तीन कम्पनियों को खुली छूट दे दी गयी है। वही गेहूं खरीद कर महंगा आटा बेचकर मुनाफा कमायेंगी। समाजवादी सरकार में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया गया। मेट्रो रेल बनायी गयी। उत्तर प्रदेश में जितनी मेट्रो चल रही समाजवादी सरकार में बनायी गयी। समाजवादी सरकार में किये गये कार्यों का दूसरे राज्य अनुकरण कर रहे हैं।