आकाशीय बिजली से मौतों पर लगेगी लगाम: UP के इस जिले में लगेगा हाईटेक ''लाइटनिंग डिटेक्शन सेंसर'', पहले ही मिल जाएगी चेतावनी

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 02:21 PM (IST)

लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में जल्द ही आकाशीय बिजली गिरने का पता लगाने वाला 'लाइटनिंग डिटेक्शन सेंसर' लगाया जाएगा। प्रशासन से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुणे स्थित 'इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मीटियोरोलॉजी' (आईआईटीएम) इस सेंसर को लगाने का काम करेगा। 

अधिकारी ने बताया कि बिजली गिरने की चेतावनी व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है ताकि लखीमपुरी खीरी जिले में आकाशीय बिजली से होने वाली मौतों को रोका जा सके। जिले में वर्ष 2019-20 से अब तक आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो चुकी है। अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि खीरी उन 10 जिलों में शामिल है, जहां 'लाइटनिंग डिटेक्शन सेंसर' लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अन्य जिलों में एटा, मेरठ, बलरामपुर, बहराइच, अलीगढ़, सोनभद्र, कानपुर देहात, झांसी और चित्रकूट शामिल हैं। 

सिंह ने बताया कि खीरी जिले का पहला लाइटनिंग सेंसर गोला तहसील के मालपुर पंचायत कार्यालय परिसर में लगाया जाएगा। इस सेंसर से सटीक पूर्वानुमान मिल सकेगा, जिससे लोगों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे जिले में बिजली गिरने से होने वाले नुकसान और जनहानि को कम करने में मदद मिलेगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static