Gonda News: जिस मंदिर के पास मिलता था नाबालिग प्रेमी जोड़ा... ग्रामीणों ने वहीं पकड़कर घर वालों के सामने करवा दी शादी, Video Viral

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 07:14 PM (IST)

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक कथित बाल विवाह का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में ग्रामीणों द्वारा एक किशोर प्रेमी जोड़े की मंदिर में शादी कराते हुए दृश्य दिख रहे हैं। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मंदिर में मिलने पर ग्रामीणों ने पकड़ा
घटना खोड़ारे थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां एक गांव के पास स्थित मंदिर में एक लड़का और लड़की अक्सर मिलने आते थे। स्थानीय लोगों को इसकी भनक लगी तो एक दिन दोनों को मंदिर परिसर में ही पकड़ लिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों के परिजनों को मौके पर बुला लिया।

परिजनों के सामने करवाई गई शादी
परिवार के लोगों के पहुंचने के बाद गांव में मौजूद लोगों ने आपसी सहमति से वहीं शादी कराने का फैसला कर लिया। मंदिर परिसर में ही दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बिना ही शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

नाबालिग होने की आशंका
स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि लड़के की उम्र करीब 16 वर्ष और लड़की की लगभग 17 वर्ष है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि यह सत्य पाया जाता है, तो मामला बाल विवाह की श्रेणी में आ सकता है।

वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों को शादी की रस्में निभाते हुए देखा जा सकता है।

शिकायत नहीं, फिर भी पुलिस सतर्क
खोड़ारे थाना पुलिस के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। साथ ही दोनों की उम्र से जुड़े दस्तावेज भी सामने नहीं आए हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और यदि बाल विवाह की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन सभी पहलुओं की जांच में जुटा हुआ है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static