लॉकडाउनः छिपकर निकाह करने जा रहे थे बराती, पुलिस ने दूल्हा समेत 7 को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2020 - 06:34 PM (IST)

गाजियाबादः कोरोना वायरस के चेन रिएक्शन को तोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में लॉकडाउन की घोषणा की है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले भी कम नहीं हैं। पुलिस की लाख सख्ती के बाद भी ये लोग नहीं सुधर रहे। वहीं उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से खबर आई है जहां चोरी-छुपे दो कारों में सवार होकर मेरठ जा रहे दुल्हे सहित सात बरातियों को पुलिस ने पकड़ लिया।

बता दें कि सातों आरोपित मेरठ श्यामनगर में आयोजित निकाह कार्यक्रम में जा रहे थे। लॉकडाउन का उल्लंघन करना दुल्हे और बरातियों को भारी पड़ गया। इनके कब्जे से दो अंगूठी और शादी का कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों कारों को सीज कर आरोपितों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने की धारा में कार्रवाई की है। दुल्हे को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि रात पुलिस रावली रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान दो कार आती दिखाई दी। पुलिस ने दोनों कारों को रोककर पूछताछ की। जिस पर कार सवारों ने बताया कि वह नूरगंज निवासी ताजूद्​दीन की बरात लेकर मेरठ श्यामनगर लिसाड़ी गेट जा रहे थे। पुलिस ने जब निकाह संबंधित अनुमति पत्र मांगा गया तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मामले में दुल्हे ताजूद्​दीन, बराती वकील, कमरूदीन, महबूब, फय्याज, इकरामुद्​दीन, सलमान निवासी नूरगंज कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया है।

वहीं पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनकी कोशिश रात में मेरठ पहुंचकर सुबह निकाह कार्यक्रम करने के बाद रात के अंधेरे में दुल्हन को लेकर आने की थी। मामले में थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद शर्मा की ओर से आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है। वहीं बरामद दोनों कारों को सीज कर दिया गया है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static