अयोध्या में 17 जनवरी को निकाली जाएगी भगवान राम की झांकी, लंका पर विजय और अयोध्या वापसी की दिखेगी झलक
punjabkesari.in Monday, Dec 11, 2023 - 11:43 AM (IST)
Ram Mandir News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सप्ताह भर चलने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर अयोध्या में अगले वर्ष 17 जनवरी को भगवान राम की एक झांकी निकाली जाएगी। इस झांकी में भगवान राम के जन्म से लेकर वनवास तक की तस्वीरें, लंका पर विजय और अयोध्या वापसी की झलक देखने को मिलेगी। यह शोभा यात्रा सप्ताह भर चलने वाले समारोह की औपचारिक शुरुआत है।

इस झांकी को तैयार करने में जुटे मुख्य शिल्पकार रंजीत मंडल ने कहा,‘‘ इन प्रतिमाओं को तैयार करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। विभिन्न चरणों में राम की कुल 100 प्रतिमाएं प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें से 60 प्रतिमाएं अभी तक तैयार की जा चुकी हैं।'' इस शोभा यात्रा के बाद राम लला की नई प्रतिमा नवनिर्मित राम मंदिर के पवित्र गर्भगृह में रखी जाएगी।

कमल पुष्प आसन पर स्थापित किया जाएगा रामलला का सिंहासन
मंदिर न्यास के न्यासी अनिल मिश्रा ने कहा,‘‘राम लला का सिंहासन, संगमरमर के बने एक कमल पुष्प आसन पर स्थापित किया जाएगा जिसे गर्भगृह में स्थापित किया जा चुका है।'' इस सिंहासन की ऊंचाई पर निर्णय इस प्रकार से किया जाएगा ताकि रामनवमी पर दोपहर 12 बजे सूर्य की किरणें सीधे भगवान के माथे पर पड़े और गर्भगृह प्रकाशमान हो। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 22 जनवरी को प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हजारों प्रतिनिधियों के इस समारोह में शामिल होने की संभावना है।

18 जनवरी से हो जाएगी प्राण प्रतिष्ठा समारोह की शुरुआत
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की शुरुआत 18 जनवरी से हो जाएगी। विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की विधि का आरंभ गणेश, अंबिका पूजन, वरुण पूजन, मातृका पूजन, ब्राह्मण वरण, वास्तु पूजन से होगा। काशी के वैदिक पं. लक्ष्मीकांत दीक्षित के आचार्यत्व में वैदिक ब्राह्मणों की टोली 17 जनवरी को अयोध्या के लिए रवाना होगी। मुख्य आचार्य पं. लक्ष्मीकांत दीक्षित होंगे और उनके पुत्र जयकृष्ण दीक्षित और सुनील दीक्षित पूजन कराएंगे।

