Mainpuri Bypoll: डिंपल के लिए अखिलेश यादव ने शुरू किया प्रचार, किशनी में बोले- ये नेताजी को श्रद्धांजलि और लोकतंत्र बचाने का है चुनाव

punjabkesari.in Saturday, Nov 19, 2022 - 10:13 PM (IST)

मैनपुरी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि मैनपुरी का लोकसभा उपचुनाव जहां एक तरफ नेताजी को श्रद्धांजलि देने का चुनाव है, वहीं यह लोकतंत्र बचाने का भी चुनाव है। इस चुनाव पर देश भर की नज़र है। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के किशनी में स्थित सावन श्री राइस मिल्स और मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय के पास बूथ प्रभारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में उन्हें सम्बोधित किया।

भाजपा सरकार सिर्फ लोगों को गुमराह कर रही है
यादव ने कहा कि मैनपुरी के लोगों का लगाव हमेशा नेताजी और समाजवादी परिवार के साथ रहा। यह पहला चुनाव है जिसमें नेताजी नहीं है। मैनपुरी के लोगों ने नेताजी का संघर्ष देखा और उन्हें राजनीति में बढ़ते हुए देखा है। तमाम लोग हैं जो नेताजी के साथ आंदोलनों में जेल गए। वे सब आज नेताजी के संघर्ष को याद कर रहे हैं। नेताजी जमीन से जुड़े हुए नेता थे। वे देश के अकेले ऐसे नेता रहे जिन्हें धरतीपुत्र कहा जाता है। उन्होंने हम सभी को पहचान दी। डॉ. राम मनोहर लोहिया के सिद्धांतों और समाजवाद को दोबारा स्थापित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार सिर्फ लोगों को गुमराह कर रही है।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास और उद्घाटन नेताजी की देन
उन्होंने कहा कि नेताजी अपने फैसलों के लिए याद किए जाते है। नेताजी ने गरीबों की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक हैसियत बढ़ाई। उन्होंने मैनपुरी और प्रदेश के विकास के लिए बहुत काम किया और तमाम जनहित के फैसले लिए। यादव ने कहा कि नेताजी जब किसी विकास परियोजना का शिलान्यास करते थे तभी अधिकारियों से उद्घाटन की तारीख भी पूछ लेते थे। देश का सबसे अच्छा और मजबूत 325 किलोमीटर लम्बा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास और उद्घाटन नेताजी की देन है। नेताजी के रक्षा मंत्रित्वकाल में लाए गए सुखोई लड़ाकू विमान सहित अन्य लड़ाकू और माल वाहक विमान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उतारे गये थे। सैनिक स्कूल भी नेताजी के कहने पर हमने सिर्फ एक साल में शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि नेताजी के बताए रास्तों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। आर्थिक, सामाजिक बराबरी की लड़ाई अभी अधूरी है। इसे अब आगे ले जाना है।

प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि मैनपुरी में हर वर्ग के लोग समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाना चाहते है। जो मतदाता बाहर है उन्हें बुलाएं। सबका वोट जरूरी है। किसी को अति आत्मविश्वास में नहीं रहना है। आपको हर मतदाता तक पहुंचना है। पांच दिसम्बर 2022 को डिम्पल यादव के खाते में एक-एक वोट साइकिल चुनाव चिह्न पर डलवाना है। मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिम्पल यादव ने कहा कि वे इस जनपद की बहू हैं। नेताजी की मैनपुरी कर्मभूमि रही है। मैनपुरी से नेताजी का भावनात्मक रिश्ता रहा है। ये मेरा नहीं नेताजी का चुनाव है। इस रिश्ते को आगे बढ़ाने का काम करूंगी। उम्मीद है एक-एक वोट साइकिल वाले बटन पर पड़ेगा और ऐतिहासिक फैसला आएगा।

इस अवसर पर सर्वश्री नरेश उत्तम पटेल, धर्मेन्द्र यादव, तेज प्रताप यादव, अवधेश प्रसाद, जयशंकर पाण्डेय, राम आसरे विश्वकर्मा, राजेन्द्र सिंह, संध्या कठेरिया, डॉ राजपाल कश्यप, सतीश राठौर, ब्रजेश कठेरिया, राजू यादव, ए.एच. हाशमी, लीलावती कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static