मिशन 2019: टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने अखिलेश से की मुलाकात

punjabkesari.in Friday, Nov 02, 2018 - 10:45 AM (IST)

लखनऊः 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती नजर आ रही हैं। चुनाव का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है वैसे-वैसे राजनीति घटनाक्रम भी तेजी से करवट ले रहा है। इसी कड़ी में तेदेपा प्रमुख व आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ बैठक की है। दोनों नेताओं की यह बैठक मुलायम सिंह यादव की मौजूदगी में हुई है, ऐसे में इसके कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में दोनों नेताओं ने विपक्ष के महागठबंधन और बीजेपी के खिलाफ लोकसभा चुनाव की रणनीति के मुद्दे पर विचार किया है। 

बता दें कि इससे पहले चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के अलावा राकांपा अध्यक्ष शरद पवार और वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव से भी मुलाकात की। नायडू बसपा प्रमुख मायावती से पहले ही मुलाकात कर चुके हैं। इस बीच अन्य विपक्षी दलों ने भी नायडू की पहल का स्वागत किया है। 

भाकपा के महासचिव एस सुधाकर रेड्डी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के कुशासन से देश को मुक्ति दिलाने के लिए धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक मूल्यों में भरोसा करने वाले विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए नायडू की यह पहल कारगर साबित होगी। आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी इसे अच्छी शुरुआत बताया। सिंह ने हालांकि कांग्रेस के रवैये पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि बीजेपी को हराने के लिए विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं, यह अच्छी शुरुआत है लेकिन इसे कारगर बनाने के लिए कांग्रेस को अपना रुख साफ करना पड़ेगा।’’ उन्होंने कहा कि फिलहाल आप किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Related News

static