मिशन 2024: अखिलेश के साथ बढ़ी डिंपल यादव की सक्रियता, चर्चा बनी संसद में वरुण गांधी से मुलाकात
punjabkesari.in Friday, Aug 04, 2023 - 05:14 PM (IST)

लखनऊ: मिशन 24 को साधने के लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी एवं मैनपुरी सांसद डिंपल यादव भी सक्रिय हो गईं हैं। संगठन की महिला विंग को मजबूत करने की जिम्मेदारी उन्होंने उठा रखी है। मंगलवार को डिंपल ने पार्टी की एक प्रमुख बैठक में न केवल हिस्सा लिया बल्कि महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह से उन्होंने मौजूदा सियासी मुद्दों पर चर्चा भी की। सामान्यतः पार्टी की बैठकों में न रहने वालीं डिंपल की बढ़ी सक्रियता से सपा की महिला कार्यकर्ता भी उत्साहित नजर आयीं।
मुलाकात के निकाले जा रहे सियासी मायने
इसी बीच गुरुवार को संसद भवन के गलियारे में उनकी मुलाकात अचानक पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी से क्या हो गई। इसके सियासी मायने निकाले जाने लगे। उत्तर प्रदेश के मद्देनजर इस संक्षिप्त मुलाकात को भविष्य के नए राजनीतिक समीकरणों से जोड़ कर देखा जा रहा है। दोनों मानसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए संसद भवन पहुंचे हैं। गुरुवार को दोनों के बीच कुछ मिनट बातचीत भी हुई।
पार्टी की नीतियों के खिलाफ सवाल खड़े कर चुके हैं वरुण गांधी
दरअसल, वरुण न केवल समय- समय पर अपनी पार्टी की कुछ नीतियों पर सवाल उठा देते हैं बल्कि वह कुछ दिनों पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव की भी तारीफ कर चुके हैं। माना यह भी जा रहा है कि अखिलेश यादव वरुण को सपा में शामिल होने का आमंत्रण देकर भाजपा को जवाब देने की कोशिश कर सकते हैं। क्योंकि हाल ही में सपा के कई साथी अखिलेश का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम चुके हैं।
शिवपाल से मिले अखिलेश
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले अखिलेश यादव के अपने चाचा शिवपाल यादव के साथ रिश्ते और मजबूत होते नजर आ रहे हैं। संगठन में वापसी के बाद निकट भविष्य में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सपा में शिवपाल को और अहम जिम्मेदारी दी जानी तय है। पार्टी की नई कार्यकारिणी बनाने से पहले गुरुवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव शिवपाल यादव से मिलने के लिए उनके आवास पहुंच गए। दोनों के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत हुई है। ऐसे में सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म होना स्वाभाविक था। समझा जा रहा है कि नई कार्यकारिणी के गठन कुछ गंभीर मसले सामने आ रहे हैं, जिसे सुलझाने के लिए अखिलेश को चाचा की मदद लेनी पड़ी है।