झांसी में मुंशी की हत्या का खुलासा: पुलिस ने 24 घंटे में हत्यारोपियों को किया गिरफ्तार… 2 लाख में हुई थी सुपारी की डील

punjabkesari.in Sunday, Jun 19, 2022 - 06:24 PM (IST)

झांसी: उत्तर प्रदेश में झांसी के कोतवाली थानाक्षेत्र में वकील के मुंशी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि शनिवार को वकील के मुंशी फजल अहमद की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद एसएसपी शिवहरि मीणा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की थी। आरोपी की तलाश में ही देर रात कोतवाली प्रभारी तुलसीराम पांडेय की टीम चेकिंग कर रही थी।       

पुलिस द्वारा नागौरी कुआं से मैरी गांव को जाने वाले रास्ते की तरफ रात्रि में आ रही एक मोटर साइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, तो बजाय रुकने के बाइक सवार भागने लगे। पुलिस टीम ने बाइक का पीछा किया। इसी बीच उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली से प्रभारी कोतवाली बाल बाल बचे। पुलिस ने भी जबाब में आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की। इसमें अभियुक्त रिंकू अहिरवार पुत्र मान सिंह व जुगल किशोर अहिरवार निवासी नर्सिंग राव टोरिया थाना कोतवाली के पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं बाइक के गिर जाने पर निखिल राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।       

पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि मृतक का महिला संगीता से विवाद चल रहा था, साथ ही जमीनी विवाद भी था। संगीता और कालीचरण ने जुगल व रिंकू को मृतक की दो लाख रुपए में सुपारी थी। घटना में जुगल द्वारा रिंकू और निखिल को बाइक दी गई थी, जिसमें निखिल बाइक चला रहा था जबकि रिंकू ने मृतक पर फायर किया था। पकड़े गये सभी आरोपियों के खिलाफ सम्बधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।       

बदमाशों के कब्जे से 02 नाजायज तमंचा, 03 जिन्दा कारतूस, 06 खोखा कारतूस, होण्डा डिलक्स मोटरसाईकिल, व हेल्मेट(घटना में प्रयुक्त) आदि बरामद किया गया है। पुलिस ने बीते सुबह हुई हत्या के अभियुक्तों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static