Nag Panchami: प्रयागराज के शिव मंदिरों में लगा भक्तों का तांता, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय

punjabkesari.in Friday, Aug 13, 2021 - 12:17 PM (IST)

प्रयागराज: पूरे देश में आज नाग पंचमी का पर्व मनाया जा रहा है और हिंदू धर्म में नाग पंचमी का बहुत महत्व होता है। सावन महीने में शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली पंचमी पर नाग पंचमी का पर्व मनाया जाता है। इस पावन दिन विधि- विधान से नाग देवता की पूजा- अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नागों को भी देवता के रूप में पूजा जाता है। नाग भगवान शिव को भी बहुत अधिक प्रिय होते हैं और सावन का माह में भगवान शिव को समर्पित होते हैं। इस पावन दिन नाग देवता की पूजा करने से भगवान शंकर भी प्रसन्न होते है। 

PunjabKesari
नागपंचमी का त्यौहार आज संगम नगरी प्रयागराज में भी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है।  इस मौके पर नाग देवताओं के मंदिरों और दूसरे शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है।  लोग नाग देवताओं के दर्शन- पूजन कर उन्हें दूध चढ़ा रहे हैं और रुद्राभिषेक कर काल सर्प दोष और विष बाधा से मुक्ति की प्रार्थना कर रहे हैं।  सम्पूर्ण सर्प जाति के स्वामी भगवान तक्षक और नागराज वासुकि का मूल निवास होने की वजह से प्रयागराज में नाग पंचमी का विशेष महत्व है। श्रद्धालु देश में कोरोना का जल्द खात्मा हो इसके लिए भी प्रार्थना कर रहे हैं।

PunjabKesari
नाग पंचमी के मौके पर प्रयागराज में नाग देवताओं के मंदिरों में भक्तों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है।  जगह-जगह नाग देवताओं की जय-जय कार हो रही है। प्रयागराज के शिव और नाग मंदिरों में स्थापित नाग देवताओं का सोने-चांदी के गहनों और फल-फूल व मेवों से भव्य श्रृंगार किया गया है। मंदिरों के कपाट खुलने से पहले ही श्रद्धालु यहाँ इकट्ठे होकर लाइन में लग गए थे। दूध और जल चढ़ाकर हर श्रद्धालु अपने घर-परिवार और कुल को सांपों की काली छाया से दूर रखने की प्रार्थना कर रहे हैं। इस मौके पर मंदिरों में विशेष इंतजाम किये गए हैं। नाग देवताओं के मंदिरों में काल सर्प दोष से मुक्ति के लिए विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक हो रहे हैं।

PunjabKesari
नागपंचमी पर प्रयागराज में कई जगहों पर मेले भी लगते हैं। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक़ प्रयागराज के नाग मंदिरों से कंकड़ ले जाकर घर के चारों तरफ रखने वालों पर कभी साँपों और नागों की काली छाया नहीं पड़ती।

PunjabKesari
प्रयागराज के यमुनापार इलाके के सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जमावडा देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु शिव मंदिरों में शिवलिंग पर पान, धतूरा चढ़ा रहे हैं। साथ ही साथ जलाभिषेक भी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि नागपंचमी के खास मौके पर जो भी मनोकामना मांगी जाती है वह भगवान शिव जरूर पूरी करते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static