खांसी-बुखार के इलाज में लापरवाही? इंजेक्शन लगते ही बच्ची की बिगड़ी हालत, मौत

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 01:14 PM (IST)

गोरखपुर: जिले के उरुवा इलाके में एक मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगाए जाने के बाद नौ साल की लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने रविवार शाम को हुई इस घटना के सिलसिले में मुकदमा दर्ज करके मेडिकल स्टोर के फरार संचालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने दर्ज शिकायत के हवाले से बताया कि बांसगांव थाना क्षेत्र के मसुरिया गांव की रहने वाली दिव्या (9) को हल्की खांसी व बुखार था और उसकी मां शशिकला उसे रविवार शाम जौहराबाद में एक मेडिकल स्टोर पर ले गयी थी।

 सूत्रों के मुताबिक, शशिकला ने आरोप लगाया है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने उसकी बेटी की तबीयत देखकर तुरंत उसे एक इंजेक्शन लगा दिया लेकिन उसकी हालत सुधरने के बजाय तेजी से बिगड़ने लगी और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मेडिकल स्टोर का संचालक घटना के बाद अपनी दुकान बंद करके भाग गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

 सूत्रों ने बताया कि बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक की तलाश की जा रही है। उरुवा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जेपी तिवारी ने इस घटना को गंभीर मानते हुए हिदायत दी है कि मेडिकल स्टोर सिर्फ दवाएं बेचने के लिए अधिकृत हैं और उन्हें इंजेक्शन लगाने या क्लिनिक की तरह इलाज करने की इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एक विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है और जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static