''Next PM योगी जी''... सीने पर बनवाया CM Yogi का टैटू, मुस्लिम युवा की दीवानगी वायरल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 08:24 AM (IST)
Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति दीवानगी का एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां के रहने वाले एक मुस्लिम युवा और एडवोकेट ताबिश निसार ने सीएम योगी के प्रति अपना समर्थन जताने के लिए अपने सीने पर परमानेंट टैटू बनवा लिया है। इस टैटू में अंग्रेजी में लिखा है- 'Next PM, CM Sahab Maharaj Ji Yogi Ji BJP'। ताबिश का यह अनोखा अंदाज अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, खुद को सीएम योगी का जबरा फैन बताने वाले ताबिश निसार का कहना है कि उन्होंने यह कदम किसी पब्लिसिटी या दिखावे के लिए नहीं उठाया है। वह काफी समय से योगी आदित्यनाथ के काम करने के तरीके से प्रभावित हैं। ताबिश का मानना है कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद से कानून-व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार हुआ है और प्रदेश अपराध मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि जब से राज्य में योगी सरकार आई है, दंगे और कर्फ्यू जैसे हालात खत्म हो चुके हैं, जिससे आम जनता राहत की सांस ले रही है।
ताबिश निसार केवल योगी आदित्यनाथ को यूपी के मुख्यमंत्री के रूप में ही नहीं देखते, बल्कि उन्हें देश का अगला प्रधानमंत्री भी बनाना चाहते हैं। इसी चाहत को उन्होंने अपने सीने पर दर्ज टैटू में 'Next PM' लिखकर बयां किया है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद देश की बागडोर संभालने के लिए योगी आदित्यनाथ ही सबसे योग्य चेहरा हैं।
योगी सरकार की सराहना करते हुए ताबिश ने कहा कि प्रदेश में बिना किसी धर्म या जाति के भेदभाव के सभी वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर बनाई गई नीतियों की तारीफ की और कहा कि आज प्रदेश में बेटियां पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

