बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा के बाहर विपक्ष ने किया हंगामा, शिवपाल ने संभाला मोर्चा...धरने पर बैठे सपा विधायक
punjabkesari.in Monday, Feb 20, 2023 - 11:21 AM (IST)

लखनऊ (अनिल कुमार सैनी): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया है। सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के विधायक चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और सरकार के खिलाफ धरना दे रहे है। इस दौरान सपा विधायक मनोज पांडेय भी मौजूद है। विधानसभा मार्शल ने मीडिया को हटने के लिए कहा है। मीडिया को कवरेज करने से रोका जा रहा है। वहीं, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
बता दें कि आज यानी 20 फरवरी को विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है, लेकिन बजट सत्र शुरु होने से पहले ही विपक्ष ने राज्य सरकार को घेरने की योजना बना ली है। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया है। सपा विधायक तख्तियां लेकर विधानसभा के बाहर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने बैठ गए हैं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी है। इस धरना प्रदर्शन का नेतृत्व सपा विधायक शिवपाल यादव ने किया। भारी पुलिस बल तैनात है और सुरक्षाकर्मियों ने मीडियाकर्मियों से बदसलूकी करते हुए उन्हें पीटा और कवरेज करने को रोका है।
10 मार्च तक चलेगा विधानसभा का बजट सत्र
विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होकर 10 मार्च तक चलेगा। बजट के पहले दिन आज सोमवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Governor Anandiben Patel) विधानमंडल के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में अभिभाषण पेश करेंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 22 फरवरी को बजट पेश करेगी।