करवा चौथ के मौके पर प्रेमी गया था प्रेमिका के घर, घरवालों ने पकड़कर पहले मारा फिर करा दी शादी

punjabkesari.in Saturday, Oct 15, 2022 - 04:14 PM (IST)

आजमगढ़: करवा चौथ के मौके पर प्रेमिका ने अपने प्रेमी के लिए व्रत रखा तो प्रेमी भी अपना फर्ज निभाते हुए प्रेमिका के घर पहुंच गया। घर वालों को सुबह से ही लड़की के व्यवहार से शक हो रहा था। उन्होंने लड़के के आने पर पहले तो उसे पकड़ कर पीटा। इसके बाद दोनों को थाने ले कर गए। सूचना पाकर लड़के के घर वाले भी थाने पहुंच गए। जहां दोनों परिवार के रजामंदी से दोनो की शादी करा दी गई।

लड़की की हरकत को देखकर परिवार के लोगों को हुआ शक
दरअसल मामला आजमगढ़ जिले के थाना रानी की सराय क्षेत्र का है जहां प्रेमिका पूजा कुमारी का तहबरपुर थाना क्षेत्र के खाझेपुर गांव निवासी कुंदन से कई सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करवा चौथ के दिन प्रेमिका ने अपने प्रेमी की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा था। लड़की के घर वालों को तो पहले से ही शक था लेकिन लड़की ने जब शाम को सुहागिनों की तरह तैयार होकर अपने प्रेमी के लिए पूजा करने लगी तो परिवार को यकीन हो गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने प्रेमी के आने पर पहले तो उसे पकड़कर पीटा इसके बाद दोनो को थाने लेकर चले गए।

थाने में पंचायत के बाद हुई शादी
मामले की जानकारी होने के बाद कुंदन के घर वाले भी थाने पहुंच गए। इसके बाद रानी की सराय थाने के प्रभारी नंद कुमार तिवारी की उपस्थिति में दोनों पक्षों की बीच पंचायत हुई। जिसमें तय किया गया की कुंदन और पूजा दोनों की शादी करी दी जाए। स्वजातीय होने के कारण दोनों पक्षों को भी किसी प्रकार की कोई आपत्ति नहीं हुई। इसके बाद दोनो की रानी पोखरा के दुर्गा जी मंदिर में उसी दिन विवाह करा दिया गया। शादी के बाद प्रेमिका अपने पति के साथ ससुराल चली गई। प्रेमी-प्रेमिका के इस करवा चौथ वाले विवाह की चारो तरफ चर्चा हो रही है। 

Content Writer

Imran