10 दिन बाद कब्र से निकाली गई युवती की लाश, दोबारा होगा पोस्टमार्टम... हत्या की आशंका, हैरान कर देगा पूरा मामला

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 02:02 PM (IST)

आज़मगढ़ (शुभम सिंह) : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खटौली ग्राम में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला एक बार  फिर चर्चा का विषय बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती 15 मार्च को अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद 16 मार्च को कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं 17 मार्च को युवती का शव तमसा नदी में उतराया हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत का कारण डूबना बताया गया था।

परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप 
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से असंतुष्ट परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की। उनका आरोप है कि शिवानी की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई।  परिजनों के लगातार विरोध-प्रदर्शन और शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। 

जिलाधिकारी के आदेश पर गुरुवार को उपजिलाधिकारी निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह और कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाया गया। इसके बाद शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया, ताकि मौत के सही कारणों का स्पष्ट और निष्पक्ष पता लगाया जा सके। 

मामले की पारदर्शी जांच का मिला आश्वासन 
प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि पूरे मामले की पारदर्शिता के साथ जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static