BJP के राष्ट्रीय महासचिव का कांग्रेस पर तंज, कहा- पार्टी टूट रही है और नेता देश जोड़ रहे हैं
punjabkesari.in Sunday, Oct 02, 2022 - 08:42 PM (IST)

मिर्जापुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरूण सिंह ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस टूट रही है और इसके नेता देश जोड़ रहे हैं, जबकि भारत हमेशा से एकजुट रहा है।
सिंह ने रविवार को यहां संवाददाताओं से राजस्थान में हो रहे सियासी प्रपंच का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी टूटने के कगार पर है, पार्टी के नेताओं के पास कोई विजन ही नहीं है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और राजस्थान में कांग्रेस सरकार की स्थिति इसका सबूत है।
मिर्जापुर प्रवास पर आये सिंह ने यहां मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन पूजन किया। इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत ने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहा, लेकिन वह अपने ही विधायकों का समर्थन खो बैठे हैं। वहां पर कांग्रेस टूटने के कगार पर है। विधायकों में मतभेद हैं। कोई नेता उनको समझाने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के पास कोई विजन ही नहीं है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने की अटकलों के बारे में सिंह ने कहा कि यह कोई मुद्दा ही नहीं है। उत्तर प्रदेश में नीतीश का कोई जनाधार नहीं है। राहुल गांधी के कांग्रेस जोड़ो यात्रा के बारे में उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से एकजुट रहा है। कांग्रेस की यह व्यर्थ की कवायद है।