ट्वीन टॉवर पर सियासत तेज! डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- सपा सरकार के भ्रष्टाचार का जीवंत प्रमाण
punjabkesari.in Sunday, Aug 28, 2022 - 11:58 AM (IST)

लखनऊ: दिल्ली से सटे नोएडा के सुपरटेक ट्विन टावर को आज ढाई बजे ध्वस्त कर दिया जाएगा। वहीं इस पर सियासत भी शुरू हो गई है। इस बीच डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने ट्विन टॉवर को सपा शासनकाल में भ्रष्टाचार और अराजकता की नीति का जीवंत प्रमाण करार दिया है।
ब्रजेश पाठक ने ट्वीट करते हुए लिखा, नोएडा का सुपरटेक ट्विन टॉवर समाजवादी पार्टी के भ्रष्टाचार और अराजकता की नीति का जीवंत प्रमाण है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के शासनकाल में सपा के कुकर्मों की प्रतीक यह अवैध इमारत जमींदोज हो रही है। यह है न्याय, यही सुशासन..'
डिप्टी सीएम की इस बयानबाजी पर सपा ने भी पलटवार किया है। सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने ट्वीट कर लिखा कि आज यूपी की भाजपा सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। भ्रष्टाचार करने वालों को सिर्फ़ चारों तरफ़ भ्रष्टाचार दिखाई पड़ता है, जो सरकार जनता की नज़र में गिर गई हो, जब वो गिरने और गिराने की बात करते हैं तो हास्यास्पद लगता है।