Politics News: शिवपाल सिंह यादव आजमगढ़ से लड़ सकते हैं 2024 का लोकसभा चुनाव
punjabkesari.in Saturday, Jun 17, 2023 - 11:44 AM (IST)

(अश्वनी सिंह)Politics News: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव 2024 का लोकसभा चुनाव आजमगढ़ से लड़ सकते हैं। शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंचे शिवपाल ने बातों-बातों में इस बात की तरफ इशारा किया। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा की हार होगी और विपक्ष की सरकार बनेगी।
संदिग्धावस्था में मृत CRPF जवान के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे शिवपाल
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शिवपाल सिंह यादव रानी की सराय थाना क्षेत्र के चड़ई गांव में संदिग्धावस्था में मृत सीआरपीएफ जवान परविंद यादव के घर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने मृत जवान को शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने मृतक जवान के परिजनों को ढाढ़स बंधाया और हर जरूरी समय पर खड़ा रहने की बात भी कही। इसके अलावा शिवपाल यादव ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
2022 के विधानसभा चुनाव में जिले की सभी 10 सीटों पर सपा ने दर्ज की थी जीत
आपको बता दें कि 2022 में आजमगढ़ में हुए लोकसभा के उपचुनाव में सपा भले ही जीत ना सकी हो, लेकिन अखिलेश यादव को यह मालूम है कि आजमगढ़ सपा का मजबूत किला रहा है। इसलिए यहां से किसी मजबूत नेता को चुनाव लड़ाया जाए, जिससे अपने किले में भाजपा को सेंधमारी करने से रोका जा सके। वहीं आजमगढ़ जिले में कुल 10 ( गोपालपुर, सगड़ी, मुबारकपुर, आजमगढ़, मेहनगर, अतरौलिया, निज़ामाबाद, फूलपुर-पवई, दीदारगंज, लालगंज) विधानसभा क्षेत्र हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में जिले की सभी 10 सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी।
भाजपा समाजवादी पार्टी के मजबूत किले आजमगढ़ में करना चाहती है सेंधमारी
उल्लेखनीय है कि भाजपा समाजवादी पार्टी के मजबूत किले आजमगढ़ में सेंधमारी करना चाहती है। इसी को देखते हुए सपा यहां से किसी मजबूत नेता को लोकसभा के चुनावी मैदान में उतारना चाहती है, जिससे अपना गढ़ बचाया जा सके। आजमगढ़ सपा का गढ़ रहा है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव 2014 से 2019 तक सांसद रहे। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यहां से लोकसभा का चुनाव जीता। उनके इस्तीफा देने के बाद हुए उपचुनाव में यहां से भाजपा के दिनेशलाल यादव निरहुआ ने जीत दर्ज की थी।