प्रियंका गांधी बोलीं- BJP ''बड़े कारपोरेट मित्रों'' के लिए काम कर रही, उसे गरीबों की चिंता नहीं

punjabkesari.in Friday, Feb 04, 2022 - 06:37 PM (IST)

गाजियाबाद: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को गरीबों और छोटे व्यापारियों की कोई चिंता नहीं बल्कि वह अपने '' बड़े कारपोरेट मित्रों'' के लिए काम कर रही है। कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने गाजियाबाद में घर-घर प्रचार अभियान में शिरकत की। उन्होंने उम्मीद जतायी कि पार्टी के चुनावी कार्यक्रमों में जुट रही भीड़ राज्य की राजनीति में ''बदलाव की लहर'' में तब्दील होगी। गांधी ने संवाददाताओं से कहा, '' हम जहां भी प्रचार कर रहे हैं, हम देखते हैं कि लोग उत्साहित हैं। मुझे उम्मीद है कि यह उत्साह उत्तर प्रदेश की राजनीति में बदलाव की लहर में तब्दील होगा।'' 

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा, '' नोटबंदी और लॉकडाउन किया गया लेकिन सरकार लोगों को राहत देने में नाकाम रही। यह सरकार केवल अपने बड़े कारपोरेट मित्रों के लिए काम करती है। यहां छोटे व्यापारियों, गरीबों और अन्य लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है।'' गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिया बिना उन पर निशाना साधा और कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान भाषा ''सभ्य'' होनी चाहिए। 

उन्होंने कहा, '' चुनाव संबंधी चर्चाओं के दौरान लोगों पर प्रभाव डालने वाले मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। वे इस तरह की बातें क्यों कह रहे हैं कि 'चर्बी निकाल देंगे', 'गर्मी निकाल देंगे'।'' कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को इस बात को लेकर चिंता जतानी चाहिए कि कोविड-19 महामारी के बावजूद किस तरह लोग अपनी समस्याओं से निपट रहे हैं, किस तरह वे अपने कर्ज की किस्तें चुका रहे हैं और अपने बच्चों की स्कूल फीस भर रहे हैं? गांधी ने दावा किया, ''उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है इसलिए वे 'चर्बी' और 'गर्मी' के बारे में बात कर रहे हैं।'' 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static