Queen Elizabeth: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर यूपी में आज राजकीय शोक, आधिकारिक पत्र जारी
punjabkesari.in Sunday, Sep 11, 2022 - 11:52 AM (IST)

लखनऊः ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से 11 सितंबर 2022 को पूरे देश में राजकीय शोक की घोषणा की गई है। इसी के चलते आज रविवार को यूपी में भी राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस संबंध में प्रमुख सचिव जितेन्द्र प्रसाद ने आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।
बता दें कि यूनाइटेड किंगडम ऑफ ग्रेट ब्रिटेन एंड नॉर्दन आयरलैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का बीते गुरुवार को इंग्लैंड के बाल्मोरल कैसल में निधन हो गया। वे 96 वर्ष की थीं। उन्होंने 70 वर्षों तक ब्रिटेन पर शासन किया और 08 सितम्बर 2022 को उनका निधन हो गया। इसके बाद उनके सबसे बड़े बेटे ने किंग चार्ल्स तृतीय के रूप में सिंहासन ग्रहण किया। एलिजाबेथ द्वितीय अपने पिता जार्ज-6 की मृत्यु के बाद छह फरवरी, 1952 को सिर्फ 25 साल की उम्र में सिंहासन पर बैठीं। इस तरह वे सशस्त्र बलों में प्रवेश करने वाली शाही परिवार की एकमात्र महिला सदस्य थीं।
उनके निधन के बाद पूरा देश शोक मना रहा है। इसी संदर्भ में प्रमुख सचिव जितेन्द्र प्रसाद ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ ही मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को जारी पत्र में कहा कि, राजकीय शोक की अवधि में सभी सरकारी कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक समारोह के आयोजन नहीं किए जाएंगे।