UP में कल प्रवेश करेगी राहुल की ‘भारत जोड़ो यात्रा'', विपक्षियों ने किया स्वागत

punjabkesari.in Monday, Jan 02, 2023 - 07:01 PM (IST)

लखनऊ, Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की तीन दिसंबर से उत्तर प्रदेश में शुरू होने वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा' की सफलता के लिए मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समेत अन्य विपक्षी दलों ने शुभकामनायें दी हैं। मंगलवार से अगले तीन दिनों के लिये उत्तर प्रदेश में भ्रमण करने वाली यात्रा की सफलता को लेकर प्रदेश कांर्ग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। यात्रा में पार्टी महासचिव और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा पार्टी के कद्दावर नेता शामिल होंगे। यात्रा का दायरा हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन जिलों गाजियाबाद, बागपत और शामली तक सीमति रखा गया है।
PunjabKesari
यात्रा की सफलता की कामना करते हुये बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को ट्वीट किया ‘‘ ‘भारत जोड़ो यात्रा' के लिए शुभकामनायें तथा श्री राहुल गांधी द्वारा इस यात्रा में शामिल होने की लिखी गई चिट्ठी के लिए उनका धन्यवाद।''  इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के लिये राहुल गांधी को शुभकामनायें दी। यादव ने कहा ‘‘ भारत भौगोलिक विस्तार से कहीं अधिक है, जिसमें हमारे देश की समावेशी संस्कृति, प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और सछ्वाव ही भारत को एकजुट करने वाले सकारात्मक तत्व हैं। आशा है कि इसे संरक्षित करने के उद्देश्य से यह यात्रा अपने लक्ष्य हासिल करेगी। ''      
PunjabKesari
गौरतलब है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा' तीन जनवरी यानी मंगलवार सुबह नौ बजे गाजियाबाद में लोनी बाडर्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। लोनी तिराहा होते हुये यात्रा चार जनवरी को बागपत जिले में आयेगी जहां मवीकला, सिसाना, सरूरपुर और बड़ौत में गांधी अपनी बहन एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ आम लोगों को यात्रा के मकसद के बारे में जानकारी देंगे। उत्तर प्रदेश में यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन पांच जनवरी को शामली जिले एलम, कांधला, ऊंचागांव और कैराना में यात्रा भ्रमण करेगी। इस दौरान पार्टी के कई कद्दावर नेता पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की संभावनाओं को टटोलने का प्रयास करेंगे।      
PunjabKesari
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने लोगों से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंच कर यात्रा को सफल बनाये। उन्होने कहा कि जो लोग योगी सरकार से सताये हुये हैं, वह अगर इस यात्रा से जुड़ते हैं तो यात्रा को और मजबूती मिलेगी, लोकतंत्र मजबूत होगा और लोकतंत्र के मजबूत रहने पर ही देश और देशवासी मजबूत होंगे। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उमा शंकर पांडे ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती, राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) अध्यक्ष जयंत चौधरी, शिवपाल सिंह और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर सहित प्रमुख विपक्षी नेता को यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static