देवरिया में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर यूनिट्स पर फूड सेफ्टी विभाग का छापा, एक का उत्पादन बंद, दो को नोटिस जारी

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 07:37 PM (IST)

Deoria News : देवरिया जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक बोतलबंद पेयजल इकाई में उत्पादन बंद करने का आदेश दिया है तथा दो को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गयी है। 

जिला प्रशासन के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने बोतलबंद पेयजल के तीन विनिर्माण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार भाटपाररानी के भठवा तिवारी में 'इफसो बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड' के निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में सुधार नोटिस जारी किया गया। जनपद के लार में 'इवरबेस्ट फूड्स एंड बेवरेज' निरीक्षण के समय बंद मिला। टीम ने प्रतिष्ठान के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा करते हुए निर्देश दिया कि प्रतिष्ठान खोलने से पूर्व विभाग को सूचित कर आवश्यक अनुमति प्राप्त कर ही वहां कामकाज किया जाए। 

उसरा औद्योगिक क्षेत्र में 'देवरिया बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड' के निरीक्षण के दौरान बोतलबंद पेयजल के निर्माण से संबंधित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं पाए गए। इस पर विनिर्माण इकाई में आवश्यक शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित होने तक पेयजल निर्माण कार्य बंद करा दिया गया। उपरोक्त प्रतिष्ठानों पर पूर्व में अंतरजनपदीय टीमों द्वारा छापेमारी कर खाद्य नमूने संग्रहित किए गए थे। संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static