Ram Mandir Ayodhya: आज अयोध्या दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, करेंगी श्री रामलला के दर्शन

punjabkesari.in Wednesday, May 01, 2024 - 07:53 AM (IST)

Ram Mandir Ayodhya: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राम मंदिर में दर्शन करने के लिए बुधवार को यानी आज (1 मई) अयोध्या जाएंगी। राष्ट्रपति भवन ने यह जानकारी दी। यह नवनिर्मित मंदिर की उनकी पहली यात्रा होगी। मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का समारोह 22 जनवरी को आयोजित किया गया था। एक बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति एक मई को अयोध्या का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति भवन ने बयान में कहा कि अयोध्या में अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति श्री हनुमान गढ़ी मंदिर, प्रभु श्री राम मंदिर और कुबेर टीला में दर्शन करेंगी और आरती में हिस्सा लेंगी। बयान में कहा गया है कि वह सरयू पूजा और आरती में भी हिस्सा लेंगी।

सरयू पूजन और आरती में भी लेंगी हिस्सा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति सचिवालय ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राष्ट्रपति सबसे पहले श्री हनुमान गढी मंदिर में दर्शन करेंगी तथा आरती में शामिल होंगी। इसके बाद वह प्रभु श्री राम मंदिर और कुबेर टीला भी जायेंगी। राष्ट्रपति सरयू पूजन और आरती में भी हिस्सा लेंगी। अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद राष्ट्रपति का यह पहला अयोध्या दौरा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर सख्त रहेगा सुरक्षा घेरा
आपको बता दें कि द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या आगमन पर जिले में सुरक्षा घेरा सख्त रहेगा। एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर व सरयू तट तक आधुनिक असलहों से लैस जवान जगह-जगह मुस्तैद रहेंगे। मंगलवार को ही पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों व अन्य जवानों के साथ रिहर्सल भी की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static