रेप पीड़िता ने लगाई गुहारः भाजपा विधायक के दबाव में नहीं मिल रहा है न्याय

punjabkesari.in Friday, Dec 06, 2019 - 04:59 PM (IST)

मेरठ: हैदराबाद और उन्नाव कांड के बाद केंद्र और यूपी सरकार में हड़कंप मचा हुआ है। जिस तरीके से युवतियों के साथ बंधक बनाकर दुष्कर्म के बाद उनकी हत्या और जलाए जाने के मामले सामने आए हैं उससे पूरा समाज स्तब्ध है। ऐसा ही एक मामला मेरठ से सामने आया है। जहां दुष्कर्म पीड़िता ने भारतीय जनता पार्टी के विधायक पर सीधे आरोप लगाया है। वहीं दुष्कर्म पीड़िता का कहना है कि सत्ताधारी विधायक के सत्ताधारी रसूक़ के चलते उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसी चलते दुष्कर्म पीड़िता ने इच्छा मृत्यु की मांग की है।

दरअसल, मेरठ में 10 माह तक छात्रा को बंधक बनाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था। जिसके बाद पीड़िता ने हर जगह शिकायत की और इंसाफ की गुहार लगाई लेकिन उसे न्याय नहीं मिल पाया है। इसीलिए शुक्रवार यानि आज फिर पीड़िता इंसाफ के लिए कमिश्नर चौक पहुंची है। जहां पर मीडिया से रूबरू होकर उसने अपनी आपबीती सुनाई।

पीड़िता ने बताया कि 10 महीने तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। दुष्कर्म पीड़िता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से उसे न्याय दिलाकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं कार्रवाई ना होने पर दुष्कर्म पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इच्छा मृत्यु की मांग भी की है।

मामला मेरठ के थाना बहसूमा क्षेत्र का है। जहां रेप पीड़िता का आरोप है कि 10 महीने तक बंधक बनाकर आरोपी युवक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पिछले 2 महीने से एफआईआर करने के बावजूद हस्तिनापुर से मौजूदा भाजपा विधायक दिनेश खटिक के दबाव में कार्रवाई ना करने का दुष्कर्म पीड़िता ने पुलिस पर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मीडिया के ज़रिए सूबे के मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है उसने कहा है कि- योगी जी मुझे भी न्याय दिला दो। इतना ही नहीं छात्रा कॉलेज जाने से भी डर रही है। वहीं दबंग आरोपी पीड़िता के छोटे भाई और परिवार को जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static