संभल में बकरीद पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, 5 जोन में बंटा जिला, 18 मजिस्ट्रेट तैनात; DM की चेतावनी- नई जगह कुर्बानी पर होगी कार्रवाई

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 06:41 PM (IST)

Sambhal News : संभल में बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है तथा सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को पांच जोन में बांटा गया है और 18 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी निगरानी शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी (डीएम) अंकित खंडेलवाल ने बताया कि बकरीद पर्व 28, 29 और 30 मई को मनाया जाएगा तथा इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के साथ शांति समिति की बैठक की गई जिसमें मुस्लिम धर्मगुरु और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। 

उन्होंने कहा, ''बै ठक का मुख्य संदेश यही था कि कुर्बानी और नमाज परंपरागत स्थानों पर ही हों। परंपरा से इतर कोई नई व्यवस्था शुरू न की जाए। लोग पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें।'' डीएम ने बताया कि कुर्बानी के दौरान और बाद में बड़े पैमाने पर साफ-सफाई एवं पानी की जरूरत होती है जिसके लिए स्थान चिह्नित कर टैंकर और वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं और कुत्तों को रोकने के लिए बैरिकेड लगाये जायेंगे तथा अवशेष उठाने के लिए नगरपालिका और नगर पंचायतों को अतिरिक्त वाहन लगाने को कहा गया है। 

जिला प्रशासन के अनुसार संभल को कुल पांच जोन में बांटा गया है तथा 18 जगहों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार थानों के अलावा संवेदनशील गांवों और नगरीय क्षेत्रों में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रतिबंधित पशुओं के कटान पर डीएम ने कहा,''कानूनन वैध पशुओं की ही कुर्बानी होनी चाहिए। इसके अलावा कोई कुर्बानी हुई तो संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।'' उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगातार निगरानी रखी जा रही है और छोटी से छोटी घटना पर नजर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static