अलीगढ़ का सनसनीखेज मामला: शादी के 3 दिन बाद दुल्हन फरार, युवक ने पोस्टर लगाकर मांगा न्याय, बिचौलियों पर 2.7 लाख रुपए की हेराफेरी का आरोप!

punjabkesari.in Tuesday, Dec 09, 2025 - 07:43 AM (IST)

Aligarh News: अलीगढ़ के चंडौस थाना क्षेत्र में एक लुटेरी दुल्हन का मामला फिर सामने आया है। टिकरी भवापुर निवासी हरज्ञान सोमवार को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पास पोस्टर लेकर पहुंचे, जिस पर लिखा था—“मुझे मेरी बीवी दिलाओ।” हरज्ञान दिल्ली के एक प्राइवेट होटल में नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी शादी करीब 4 महीने पहले बुलंदशहर की रिंकू नाम की लड़की से कराई गई थी।

शादी में बिचौलियों ने की हेराफेरी
हरज्ञान ने बताया कि उनकी शादी गांव के नामजद लोगों के बिचौलियों के जरिए हुई। इसके लिए उन्होंने अपनी एक बीघा से कम जमीन बेचकर लगभग 2 लाख 70 हजार रुपए बिचौलिए पप्पन को दिए। लेकिन शादी के बाद ही परेशानियां शुरू हो गईं।

लुटेरी दुल्हन हुई फरार
हरज्ञान के अनुसार, नई दुल्हन केवल 3 दिन ही उनके साथ रही। चौथे दिन उसके एक साथी ने आकर कहा कि उसकी मां की तबीयत खराब है। इसी बहाने रिंकू अपने भाई के साथ घर छोड़कर चली गई और अपने साथ सामान और कीमती चीजें भी ले गई। तब से वह फिर वापस नहीं आई। हरज्ञान ने बताया कि शादी कराने वाले तेहर सिंह, पप्पन और रीना ने पूरे पैसे लेकर कोई जवाब नहीं दिया।

हरज्ञान की गुहार
हरज्ञान कई बार चंडौस थाना और अन्य दफ्तरों के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन किसी ने उनकी सुनवाई नहीं की। अब वह वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि या तो उनकी पत्नी उन्हें वापस लौटाई जाए या उन्हें कानूनी न्याय मिले।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
अलीगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने हरज्ञान से बात कर सुनवाई और कार्रवाई का भरोसा दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static