UP में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर जारी, जानिए किन-किन जिलों में जारी हुआ येलो और ऑरेंज अलर्ट

punjabkesari.in Wednesday, Dec 21, 2022 - 10:43 AM (IST)

लखनऊ(अश्वनी सिंह): उत्तर प्रदेश में रव‍िवार से अचानक ठंड और कोहरे का असर बढ़ गया है। प्रदेश के कई ज‍िलों को घने कोहरे ने आपने आगोश में ले ल‍िया है। IMD ने अगले 2 द‍िनों तक यूपी के 24 जिलों में ऑरेंज और 36 जिलों में येलो अलर्ट जारी क‍िया है। घने कोहरे की चादर कड़ाके की ठंड लेकर आ गई है। सोमवार की रात से ही घने कुहासे ने राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों को अपनी आगोश में ले लिया। मंगलवार की सुबह लगभग 10 बजे तक कोहरा रहा। इसकी वजह से दृश्यता भी 50 मीटर तक दर्ज की गई। बुधवार तक 60 जिलों में घने कोहरे के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

PunjabKesari

UP में कोहरे का कहर, शीतलहर की चपेट में पूरा प्रदेश
आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख एम दानिश के अनुसार, गुरुवार तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सुबह के समय घने कोहरे की चादर छाई रहेगी। इस दौरान दृश्यता 50 से 100 मीटर तक रहेगी। हालांकि दिन के समय आसमान साफ रहेगा लेकिन पारे में गिरावट से ठंड का एहसास होता रहेगा। शुक्रवार से कोहरे में कमी दर्ज की जा सकती है। इस दौरान दिन और रात के समय तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।

PunjabKesariआपको बता दें कि सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ। सबसे अधिक तापमान झांसी में 26.2 डिग्री सेल्सियस और बस्ती में 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी अब गिरावट दर्ज की जा रही है। सबसे कम तापमान सोनभद्र के चुर्क में 6.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में घने से अत्यधिक घना कोहरा सुबह के समय रहेगा। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।

PunjabKesari

इन जिलों में जारी किया गया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार की सुबह तक लखनऊ समेत बाराबंकी, उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद और शामली में घना कोहरे की दृष्टि से ऑरेंज अलर्ट  जारी किया गया है।

PunjabKesari

इन जिलों में जारी किया गया येलो अलर्ट
इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 36 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, संत रविदास नगर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा में घने कोहरे के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अलर्ट के अनुसार आरेंज अलर्ट में कुहासे के प्रति सावधानी बरतने की आवश्यकता है। वहीं, येलो अलर्ट के तहत घना कोहरा पड़ने की आशंका है। ऐसे में सचेत रहना बेहतर होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static