शर्मनाक! कूड़े के ढेर में मिला 7 माह की बच्ची का भ्रूण, माता-पिता ने गर्भपात करवाने के बाद फेंका
punjabkesari.in Monday, Nov 10, 2025 - 10:14 AM (IST)
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा इलाके के थाना बीटा-2 क्षेत्र के एच्छर गांव में कूड़े के ढेर से एक बच्ची का भ्रूण मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उन्हें आशंका है कि लोक लाज के चलते इसके माता-पिता ने गर्भपात करवाने के बाद भ्रूण को यहां पर फेंका है।
जानिए पूरा मामला
भ्रूण करीब सात माह का बताया जा रहा है। थाना बीटा- दो के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि रविवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत सफाई कर्मी एच्छर गांव के पास सफाई कर रहे थे, तभी उन्हें कूड़े के ढेर में सात माह का भ्रूण दिखाई दिया, इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि भ्रूण बच्ची का है।
भ्रूण का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा
पुलिस ने बताया कि भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसका डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्ट्या ऐसा प्रतीत हो रहा है की बच्ची के माता-पिता ने लोक लाज के चलते गर्भपात करवाकर भ्रूण को यहां पर फेंका है। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।

