शिवपाल का भाजपा पर हमला, बोले- ‘उलटी गिनती’ शुरू, 2027 में INDIA गठबंधन की बनेगी सरकार
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 06:29 PM (IST)
कन्नौज: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंत नगर के विधायक शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार जाने वाली है और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 'इंडिया' गठबंधन सरकार बनाएगा। यादव ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि चुनाव सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार जा रही है और उसका 'काउंटडाउन' (उलटी गिनती) शुरू हो गया है। 2027 के विधानसभा चुनाव में 'इंडिया' गठबंधन सरकार बनाएगा।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और चुनाव में उसके संभावित चुनौती बनने के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि पार्टी का राजनीतिक अस्तित्व "समाप्त" हो चुका है। उन्होंने दावा किया, "बसपा टूट गई है। भाजपा जो भी कहती है, बसपा वही करेगी।" 'इंडिया' गठबंधन के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि इस पर निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा "वोट की चोरी" के साथ ही ''भगवान को चढ़ाए जाने वाले चढ़ावे की भी चोरी करती है।'' निर्वाचन आयोग के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लोग अब सड़कों पर हैं और मांग कर रहे हैं कि चुनाव निष्पक्ष रूप से कराए जाएं। उन्होंने कहा, "चुनाव ईमानदारी से होने चाहिए।" यादव दोपहर में कन्नौज पहुंचे और उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने सपा नेता जय कुमार तिवारी 'बौवन' के आवास पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में भाग लिया।

