सपा नेत्री जूही प्रकाश ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR; दहेज उत्पीड़न, जानलेवा हमला और शारीरिक शोषण का लगाया आरोप

punjabkesari.in Saturday, Oct 19, 2024 - 02:41 PM (IST)

आगरा (मान मल्होत्रा): सपा नेत्री जूही प्रकाश की तहरीर पर भी आगरा के सिकंदरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने अपने पति पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है।मुकदमे में ससुरालीजन भी नामजद हैं। उन पर दहेज उत्पीड़न का आरोप है। मुकदमा लिखने के बाद पुलिस ने साक्ष्य संकलन शुरू कर दिया है।

सितंबर में पति ने दर्ज कराया था मामला
बता दें कि रुई की मंडी निवासी जूही प्रकाश के खिलाफ उनके पति योगेंद्र प्रताप सिंह ने सितंबर में जानलेवा हमला और रंगदारी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद जूही प्रकाश ने अपने पति के खिलाफ मोर्चा खोला था। सोशल मीडिया पर उनके ऊपर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उनके चरित्र पर भी सवाल उठाए थे। अपने साथ मारपीट के मामले में मुकदमा न लिखने पर पुलिस को कटघरे में खड़ा किया था। जूही प्रकाश ने अपना प्रार्थना पत्र पुलिस आयुक्त जे रविन्दर गौड को दिया था। आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके प्रार्थना पत्र पर मुकदमा नहीं लिखा। उनके पति ने फर्जी मुकदमा लिखाया था। पुलिस को उनके खिलाफ साक्ष्य मिलते तो अभी तक कार्रवाई कर चुकी होती।

पति पर शारीरिक शोषण का भी लगाया आरोप
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर उनकी तहरीर पर मुकदमा लिखा गया। मुकदमे में उन्होंने अपने पति पर शारीरिक शोषण का भी आरोप लगाया है। मुकदमे में पति योगेंद्र प्रताप सिंह, सास हरदेवी, ससुर हाकिम सिंह, जेठ वीपी सिंह, ननद नीलम सिंह, दोस्त शिवम सागर, संजय निगम और वीरेंद्र प्रताप सिंह को नामजद किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि योगेंद्र से 2020 में मुलाकात हुई थी। जून 2024 में शादी की। ससुराल में 50 लाख रुपये दहेज की मांग की। रकम देने में असमर्थता जताने पर उत्पीड़न किया गया। उन्हें घर से निकाल दिया। वह सिकंदरा स्थित फ्लैट में रहने लगे। पति ने उत्पीड़न किया। मारपीट की। उनका आरोप है कि पति के कई युवतियों के साथ वीडियो थे। इस बारे में पता चलने पर मारपीट की। खुद फंस जाता इसलिए उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा लिखा दिया था। वहीं, डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि पति-पत्नी ने एक दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए हैं। पुलिस साक्ष्यों पर कार्रवाई करेगी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static