शिवपाल को लेकर कयासबाजी तेज, आखिर कब मिलेगी समाजवादी पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी?
punjabkesari.in Friday, Dec 16, 2022 - 08:17 PM (IST)

लखनऊः मैनपुरी लोकसभा चुनाव में मिली जीत से गदगद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव को पार्टी का झंडा थमा दिया और उनकी पार्टी प्रसपा का विलय कर लिया। अखिलेश यादव द्वारा शिवपाल यादव और प्रसपा को अपनाए जाने बाद अब शिवपाल को पार्टी में अहम जिम्मा मिलने का इंतजार समर्थक कर रहे हैं। दरअसल, खुद अखिलेश ने कहा है कि चाचा को पूरा सम्मान दिया जाएगा, लेकिन यह सम्मान कब मिलेगा और किस रूप में? इस पर राजनीतिक समीक्षकों की भी नजर है।
लगभग एक हफ्ता बीत चुका है और अभी तक चाचा और भतीजे की लखनऊ में मुलाकात नहीं हो पाई है। हालांकि दोनों के बीच होने वाली बैठक और इस बैठक में होने वाली मंत्रणा पर शिवपाल का भविष्य निर्भर करेगा। इस बीच कयास लगने शुरू हो गए कि शिवपाल यादव को सपा में क्या जिम्मेदारी दी जा सकती है। चर्चा तो यहां तक हुई कि उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी बनाया जा सकता है।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए मैनपुरी सीट पर उपचुनाव में अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को बड़ी जीत मिली। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को बड़े अंतर से हराया। खास बात ये रही कि भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य अपना बूथ तक नहीं बचा पाए और करारी शिकस्त का उन्हें सामना करना पड़ा।
सवंतनगर वासियों का सहृदय धन्यवाद-शिवपाल
मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं से मिले आशीर्वाद, स्नेह व अपार जनसमर्थन के लिए सम्मानित जनता, शुभचिंतकों, मित्रों व कर्मठ कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार। जसवंतनगर की सम्मानित जनता द्वारा श्रीमती डिम्पल यादव जी को दिए गए आशीर्वाद के लिए जसवंतनगर वासियों का सहृदय धन्यवाद।