यूपी में आंधी, बारिश-ओलावृष्टि ने मचाई तबाही; फसलों को हुआ भारी नुकसान, किसानों की बढ़ी चिंता...
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 12:35 PM (IST)
UP News: उत्तर प्रदेश में इन दिनों बारिश का सिलसिला जारी है। प्रयागराज जनपद में शुक्रवार को अचानक तेज आंधी के साथ हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। इस बारिश से गेहूं, आम और अन्य रबी की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र में गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन बारिश के कारण उसके खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
इन फसलों को हुआ भारी नुकसान
वहीं, आम के पेड़ों पर आई बौर भी झड़ रही है, जिससे आम की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है।किसान इंद्रेश कुमार, देवराज शुक्ला, मोहन पाल और राजू गुप्ता सहित कई अन्य किसानों ने बताया कि बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि बारिश के कारण फसलें काली पड़ जाएंगी या सड़ जाएंगी। इससे उनकी सालों की मेहनत बेकार हो जाएगी। साथ ही काफी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ सकता है।
इन जिलों में अलर्ट जारी (Rain Alert in Up)
मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, एटा, कासगंज, हाथरस, अलीगढ़, बदायूं, बरेली, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, बलरामपुर, श्रावस्ती, संतकबीरनगर, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ शामिल हैं।

