बढ़ते डॉग बाइट्स पर सख्ती! अब पहली गलती पर चेतावनी... दूसरी बार काटने पर कुत्ते को होगी उम्रकैद

punjabkesari.in Monday, Sep 15, 2025 - 05:30 PM (IST)

Prayagraj News: प्रयागराज में लगातार बढ़ रहे स्ट्रीट डॉग्स के हमलों के मामलों को देखते हुए प्रशासन ने एक कठोर निर्णय लिया है। अब किसी इंसान को पहली बार काटने वाले कुत्ते को 10 दिनों तक निगरानी में रखकर उसके शरीर में माइक्रोचिप लगाई जाएगी। यदि वही कुत्ता दूसरी बार किसी को काटता है, तो उसे उम्रभर के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर के शेल्टर हाउस में रखा जाएगा।

जांच समिति करेगी पुष्टि
नगर निगम के पशुधन अधिकारी विजय अमृत राज के अनुसार, यह निर्देश उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास विभाग की ओर से जारी किए गए हैं और सभी नगर निकायों को इसका पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी कुत्ते द्वारा दूसरी बार काटे जाने की स्थिति में, एक तीन सदस्यीय समिति जांच करेगी कि क्या कुत्ते को उकसाया गया था या नहीं। इस समिति में पशुपालन अधिकारी, स्थानीय निकाय का प्रतिनिधि और एसपीसीए (SPCA) का एक सदस्य शामिल रहेगा। अगर कुत्ता दोषी पाया जाता है, तभी उसे उम्रकैद की सजा दी जाएगी।

डॉग बाइट्स की भयावह तस्वीर
शहर में वर्तमान में स्ट्रीट डॉग्स की संख्या 1.15 लाख से अधिक हो चुकी है। हर महीने 4,000 से अधिक डॉग बाइट के मामले दर्ज हो रहे हैं। सड़क दुर्घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं, जिनमें कई मामलों में स्ट्रीट डॉग्स कारण बने हैं। हाल ही में एक बैंक मैनेजर की मौत तब हो गई जब एक आवारा कुत्ते ने उसे दौड़ा दिया और वह नगर निगम की कूड़ा गाड़ी के नीचे आ गया।

नियंत्रण के लिए वैक्सीनेशन और नसबंदी अभियान
नगर निगम ने शहर में स्ट्रीट डॉग्स की जनसंख्या पर नियंत्रण के लिए दो एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर्स बनवाए हैं। शम्स नगर में 1.80 करोड़ की लागत से बने केंद्र में कुत्तों की नसबंदी और वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इसके अलावा एक अन्य सेंटर भी 4 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है, जिसमें 12 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों की टीम प्रतिदिन 24 से अधिक कुत्तों का इलाज कर रही है।

पालतू जानवरों की रजिस्ट्रेशन में उदासीनता
प्रशासन ने पालतू कुत्तों और बिल्लियों के लिए रजिस्ट्रेशन और लाइसेंसिंग अभियान शुरू किया है। पालतू कुत्तों के लिए 1,000 रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क और 800 रुपये लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क निर्धारित है, जबकि पालतू बिल्लियों के लिए यह शुल्क 400 रुपये तय किया गया है। नगर निगम द्वारा डॉग पार्क की सुविधा भी दी जा रही है, लेकिन नागरिकों की भागीदारी बेहद कम देखी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static