पसीने से भीगे उत्तर प्रदेश ने किया पहली बरसात का इस्तकबाल

punjabkesari.in Friday, Jun 08, 2018 - 07:11 PM (IST)

लखनऊः राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई इलाकोंं में आज हुयी झमाझम बरसात ने गर्मी से राहत दी हालांकि उमस में इजाफा होने से लोग पसीना बहाते रहे।   राज्य के विभिन्न जिलों में वर्षाजनित हादसों में कम से कम 12 लोगों की मृत्यु हो गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कई क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। उमस भरी गर्मी का सामना कर रहे राज्य के विशेषकर पूर्वी और मध्य क्षेत्र में आज तड़के से ही घनघोर घटाओं ने मौसम का मिजाज बदलने के संकेत दे दिये थे। 

लखनऊ में सुबह करीब साढे आठ बजे गरज चमक के साथ शुरू हुई बरसात करीब 45 मिनट तक जारी रही हालांकि बरसात ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। चारबाग रेलवे स्टेशन टापू मे तब्दील हो गया जबकि चौक, आलमबाग,इंदिरानगर और अमीनाबाद समेत कई क्षेत्रों में जलभराव के चलते आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ।   बारिश के दौरान बिजली गिरने की घटनाओ में जौनपुर,बहराइच,रायबरेली और महराजगंज में सात लोगों की मृत्यु हो गयी। इसके अलावा देवरिया,बस्ती और चंदौली में अलग अलग हादसों में पांच लोगों ने दम तोड दिया। जौनपुर के क्षेत्र में आज शाम बिजली गिरने से दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मृत्यु हो गयी। 

रायबरेली में आज सुबह बिजली गिरने से एक महिला समेत दो लोगो की मृत्यु हो गयी। मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र के देवरी गांव में आज दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आ जाने से एक युवती की झुलस कर घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। बहराइच के खैरीघाट क्षेत्र में आज बिजली गिरने से दो लोगों की मृत्यु हो गयी।   मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 से अधिक जिलों में आज गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। अगले दो दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों एवं पश्चिमी हिस्सों में कहीं कही बरसात होने की संभावना व्यक्त की है। इस बीच कुछ स्थानों पर धूलभरी आंधी आने की भी संभावना जताई है।  केन्द्रीय जल निगम सूत्रों के अनुसार आज सुबह आठ बजे तक सरजू नदी के गऊघाट पर 115 मिलीमीटर, घाघरा के बीके घाट पर 78, सारदा के बनबासा घाट 59 मि मी बरसात रिकार्ड की गई है। इसके अलावा राज्य में अनेक स्थानों पर ज्यादा एवं हल्की बारिश होने की सूचना मिली है।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static