दरोगा पर दुष्कर्म का आरोप लगाना पड़ा पीड़िता को भारी, परिजनों सहित किया घर में नजरबंद

punjabkesari.in Monday, Oct 17, 2022 - 04:18 PM (IST)

एटाः उत्तर प्रदेश के एटा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक दुष्कर्म की पीड़िता ने एक दरोगा पर दुष्कर्म लगाया था। जिसके बाद पीड़िता और उसके परिजनों को रविवार को नजरबंद रखा गया। दरअसल, पीड़िता का पिता अपनी बेटी से हुए दुष्कर्म की शिकायत सीएम योगी आदित्यनाथ से करना चाहते थे। लेकिन उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा। उनके घर के बाहर पुलिस तैनात कर उन्हें नजरबंद किया गया था।  

बता दें कि कोतवाली नगर क्षेत्र में 25 मई को शहर की एक लड़की को तीन लोग भगाकर ले गए थे। 13 दिन तक उसे किसी गांव में रखा गया। इस दौरान दो युवकों ने उससे दुष्कर्म किया। बाद में पुलिस ने उसे बरामद किया और कानूनी कार्रवाई की गई। शनिवार को किशोरी के पिता ने मुख्यमंत्री सहित राष्ट्रीय व राज्य महिला आयोग को शिकायती पत्र भेजकर मामले की विवेचना करने वाले दरोगा विजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। इस मामले को लेकर पिता मुख्यमंत्री से शिकायत करने के लिए जाना चाहता था, लेकिन घर पर पुलिस तैनात कर दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को एटा दौरे पर आए थे। उनके जाने के बाद पीड़ित के घर से बाहर से पुलिस हटाई गई।

पीड़िता ने लगाया दरोगा पर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि बेटी ने बताया कि, बरामदगी के बाद विवेचक ने उसको अपने कमरे पर एक रात रोका। मारपीट कर और परिजन को मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे दुष्कर्म किया। इस घटना से वह इतना डर गई कि, परिजन को भी कुछ बताने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। इसके बाद किशोरी को लेकर उसके पिता ने मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत करने का मन बनाया। किशोरी के पिता के मुताबिक सुबह आठ बजे कचहरी पर जाकर प्रार्थना पत्र टाइप कराया। करीब 8.30 बजे जब घर लौटा तो वहां एक दरोगा मौजूद थे।

पीड़ित और उसके परिजनों को घर में किया नजरबंद
उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने आप लोगों के घर से बाहर न जाने का आदेश दिया है। वह कमरे में बैठ गए। हम लोगों ने बताया कि जाना जरूरी है, लेकिन नहीं माने। दवा लेने का बहाना किया तो कहा कि साथ में चलकर दवा दिलवाएंगे। शाम करीब 4.30 बजे वह घर से गए। तब तक मुख्यमंत्री जिले से जा चुके थे। वहीं, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह ने बताया कि, किशोरी ने इतने लंबे समय बाद आरोप लगाए हैं। यह जांच का विषय है। साथ ही उपनिरीक्षक की भूमिका की भी जांच की जाएगी। सीओ सिटी को जांच सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static