हत्या का आरोपी 48 साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे, साधु के भेष में घूम रहा था आरोपी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 05, 2022 - 08:22 PM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में हत्या का एक आरोपी वारदात होने के 48 साल तक फरार रहने के बाद आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया।  फिरोजाबाद में नारखी थाना क्षेत्र की पुलिस ने 48 साल से साधु के भेष में घूम रहे हत्या के आरोपी महेंद्र सिंह को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। नारखी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने सिंह को मुखबिर की सूचना पर सोमवार को चनौरा पुल के पास से गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि नारखी क्षेत्र के टापा खुर्द निवासी गजराज सिंह की पत्नी रामबेटी की गांव के ही लोगों ने 14 सितम्बर 1974 को हत्या कर दी थी। मृतका की बेटी मीरा देवी ने पुलिस में गांव के ही महेंद्र सिंह और राममूर्ति पत्नी राजेंद्र सिंह के खिलाफ अपनी मां की हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस ने उस समय राममूर्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था किंतु दूसरा आरोपी महेंद्र सिंह फरार हो गया था। पुलिस की काफी तलाश के बाद भी वह पकड़ा नहीं जा सका था। इस बीच पुलिस ने सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उसके घर की कुकर्ी भी कर दी थी।  न्यायालय द्वारा महेंद्र सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी कर दिया गया था किंतु पुलिस को चकमा देकर वह साधु के भेष में गुजरात एवं अन्य राज्यों में मंदिरों में छुपा रहा। पुलिस ने 48 साल बाद सिंह के लौटने की सूचना मिलने पर फरार हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static