दूल्हे की जेब में चमड़े का टुकड़ा देख भड़की दुल्हन, बोली- तुम्हारे देवी-देवता अलग... नहीं करूंगी शादी; जयमाल के बाद तोड़ दिया रिश्ता
punjabkesari.in Monday, Mar 03, 2025 - 08:47 PM (IST)

Barabanki News, (अर्जुन सिंह): बाराबंकी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, यहां जयमाल के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। वजह बनी दूल्हे की जेब में रखा चमड़े का टुकड़ा। लड़की पक्ष ने इसे अपने देवी देवताओं से अलग बताते हुए शादी तोड़ दी और कहा की हमारे देवी-देवता और तुम्हारे देवी-देवता अलग हैं, इसलिए यह विवाह नहीं हो सकता।
दूल्हे की जेब में चमड़े का टुकड़ा उनके देवी-देवताओं के खिलाफ है... कन्या पक्ष
दरअसल, बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र के लोहार पुरा गांव से बारात सफदरगंज थाना क्षेत्र के उधौली गांव पहुंची थी। शादी की रस्में पूरी हो रही थीं और जयमाल भी हो चुका था, तभी दुल्हन को दूल्हे की जेब में चमड़े का टुकड़ा मिला गया। उसने तुरंत परिवार को जानकारी दी और इसके बाद लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष का कहना था कि दूल्हे की जेब में चमड़े का टुकड़ा उनके देवी-देवताओं के खिलाफ है और उनके देवी-देवता अलग हैं।
वहीं, लड़के वालों ने सफाई देते हुए कहा कि यह चमड़े का टुकड़ा एक रस्म का हिस्सा था, जिसे भूलवश दूल्हे की जेब में रख दिया गया था। जब विवाद बढ़ा, तो लड़की पक्ष ने कहा कि वे खुद लड़के के घर जाकर देखेंगे कि उनके देवी-देवता कौन हैं। रात में कुछ पुरुष और महिलाएं लड़के के घर पहुंचीं, उन्होंने वहां की पूजा-पद्धति को देखा, लेकिन इसके बावजूद शादी से इनकार कर दिया।
लड़की पक्ष सारा खर्च वर पक्ष से लेने की मांग पर अड़े
जानकारी के मुताबिक दूल्हा और दुल्हन पक्ष दोनों ही गौतम जाति से हैं। फिर भी दुल्हन और उसका परिवार बता रहा है कि दूल्हे पक्ष के देवी देवता हमारे देवी देवताओं से अलग हैं। हालांकि लड़के पक्ष ने कहा कि उन्होंने पहले ही सारी जानकारी कर ली थी दोनों पक्षों में किसी भी बात को लेकर कोई भी असहमति नहीं थी, लेकिन अब शादी तोड़ने के लिए इसे मुद्दा बनाया जा रहा है। लड़के वालों का कहना है कि जब शादी ही नहीं हुई तो दोनों पक्षों को अपना-अपना खर्च उठाना चाहिए, लेकिन लड़की पक्ष सारा खर्च लड़के वालों से लेना चाहता है। साथ ही लड़के पक्ष ने आरोप लगाया कि उनके गहने भी वापस नहीं किए जा रहे हैं। अब यह मामला थाने पहुंच चुका है, जहां पुलिस दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश कर रही है।