G20 की अगवानी के लिए सजाई जा रही ताजनगरी, प्रतिनिधिमंडल को ब्रज की संस्कृति से भी रूबरू कराएगी सरकार

punjabkesari.in Monday, Jan 30, 2023 - 12:26 PM (IST)

आगरा (बृज भूषण) : अपने ध्येय वाक्य 'वसुधैव कुटुम्बकम्' के साथ भारत इस साल G-20 जैसे बड़े समिट की मेजबानी करने जा रहा है। इस मेजबानी के दौरान उत्तर प्रदेश के चार शहरों में भी G20 की महत्वपूर्ण बैठक फरवरी महीने में होने वाली हैं। जिसको लेकर प्रदेश सरकार तैयारियों में युद्ध स्तर पर जुट गई हैं। सरकार के निर्देशन पर G-20 समिट के दौरान आने वाले मेहमानों के लिए जिला प्रशासन आगरा को दुल्हन की तरह सजाने में जुटा हुआ है। इस दौरान G20 प्रतिनिधिमंडल को ब्रज की संस्कृति से भी रूबरू कराया जाएगा।

PunjabKesari

ताजनगरी में तैयारियां युद्ध स्तर पर  
बता दें कि 11 व 12 फरवरी को G-20 देश के प्रतिनिधियों की बैठक आगरा में प्रस्तावित है। वहीं 12 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ताजमहल की विजिट प्रस्तावित है। G20 के प्रतिनिधि आगरा किला और एतमादुद्दौला भी जा सकते हैं। जिसको लेकर सरकार के निर्देश पर आगरा को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा हैं। आगरा के माल रोड, फतेहाबाद रोड, खेरिया मोड़, ईदगाह,  ताजगंज, शिल्पग्राम, यमुना किनारा आदि सभी प्रमुख जगहों पर सौंदर्यीकरण का काम युद्धस्तर पर जारी है। यहां की दीवारों को टेराकोटा कलर से रंग दिया गया है। इसके साथ ही मेट्रो के पिलर पर पेंटिंग बनाई जा रही हैं।

PunjabKesari

ब्रज की संस्कृति से रूबरू होंगे G20 देश के मेहमान
आगरा में प्रस्तावित बैठक के दौरान G20 प्रतिनिधिमंडल को ब्रज की संस्कृति से भी रूबरू कराया जाएगा। इसके लिए जिस मार्ग से प्रतिनिधिमंडल गुजरेगा उस वीआईपी मार्ग की दीवारों पर चित्रकारी की जा रही है। मेहमानों को ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर और G20 के झंडे एवं संस्कृति नजर आएगी। दो मेट्रो पिलर पर चरकुला नृत्य और ब्रज की होली को उकेरा गया है। मेट्रो के पिलर और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर पेंटिंग बनाने का काम चल रहा है। जिसमें ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर के साथ रीति रिवाज, संस्कृति आदि नजर आएगी।

PunjabKesari

प्रस्तुत किए जाएंगे विशेष कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश पर्यटन के संयुक्त निदेशक अविनाश चंद्र मिश्रा ने बताया कि विभाग द्वारा G20 देश के प्रतिनिधिमंडल के स्वागत की खास तैयारी की जा रही है। स्वागत के दौरान ब्रज के लोकगीतों पर कलाकारों द्वारा विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जिसमें ब्रज की फूलों की होली, लट्ठमार होली, मयूर नृत्य, चरकुला नृत्य आदि ब्रज लोक कलाओं से मेहमानों का स्वागत किया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prashant Tiwari

Recommended News

Related News

static