दहेज में चार चक्का गाड़ी न मिलने से भड़का दूल्हा, शादी की रस्में बीच में छोड़कर हुआ फरार
punjabkesari.in Friday, Feb 10, 2023 - 04:45 PM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद (Firozabad) जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक दूल्हा शादी समारोह (Wedding Ceremony) की चल रही रस्मों के बीच से अचानक गायब हो गया। जिसके बाद लड़की वालों ने दूल्हे को काफी फोन लगाया लेकिन दूल्हे ने फोन ही स्विच ऑफ कर दिया। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी (Scorpio Car) की मांग की थी, लेकिन दुल्हन के परिजन नहीं दे पाए। इसी बात से नाराज होकर दूल्हा शादी समारोह की रस्मों के बीच में ही छोड़कर फरार हो गया।
जानें क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, बीते गुरुवार की रात शिकोहाबाद के स्टेशन रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस के मैरिज होम में शादी हो रही थी। जहां पहले तो बड़ी धूमधाम से घुड़चढ़ी की रस्म हुई और फिर जयमाला हुई लेकिन इसके बाद दूल्हा कहीं नजर नहीं आया। इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे को काफी ढूंढने का प्रयास किया लेकिन वह कहीं मिला। बताया जा रहा है कि जब दूल्हे को जानकारी हुई कि उन्हें दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी नहीं मिली तो वह बीच में ही सारी रस्में छोड़कर फरार हो गया।
ये भी पढ़े...UP GIS-23 में टाटा समूह के चेयरमैन बोले- Air India SATS, Zurich Airport की भागीदारी में विकसित होगा 'Jewar Multimodal Cargo Hub'
'दरवाजे पर आकर मांगी स्कॉर्पियो गाड़ी और....'- पीड़ित का पिता
दुल्हन के पिता राजेन्द्र सिंह ने दूल्हे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने शादी में 22 लाख रुपए दिए हैं लेकिन अचानक ही दरवाजे पर बारात आने के बाद दूल्हा स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग करने लगे। वहीं, जब इतने कम समय में वह इतनी बड़ी डिमांड नहीं पूरी कर पाए तो दूल्हा शादी बीच में ही छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद भी दुल्हन काफी समय तक दूल्हे का इंतजार करती रही लेकिन दुल्हा वापस नहीं आया। घटना के बाद पीड़ित के पिता ने थाना शिकोहाबाद में दूल्हे व उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है। बता दें कि दूल्हे के पिता सूरज सहाय यादव परिवहन विभाग में ATS के पद पर कार्यरत हैं और दुल्हन के पिता राजेन्द्र सिंह होमगार्ड है।
क्या कहती है पुलिस?
इस मामले में जानकारी देते हुए शिकोहाबाद थाना अध्यक्ष हरवेंद्र मिश्रा बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है, जिसमें दूल्हा अचानक से शादी के रस्म छोड़कर भाग गया है। फिलहाल दूल्हे को तलाश कर उससे बात की जाएगी और मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।