यूपी के इस जिले में लगातार बढ़ता जा रहा बाढ़ का कहर, राप्ती नदी खतरे के निशान से उपर
punjabkesari.in Tuesday, Oct 11, 2022 - 12:32 PM (IST)

बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बाढ़ का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है। जिले में 200 से अधिक घर बाढ़ से घिर गए हैं। राप्ती नदी खतरे के निशान से 145 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुकी है। बलरामपुर- बढ़नी राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर तीन फुट से अधिक बाढ़ का पानी बह रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। इसी तरह बलरामपुर- बहराइच मार्ग राष्ट्रीय मार्ग बंद कर दिया गया है। बाढ़ पीड़ितों के लिए एनडीआरएफ की टीम बुला ली गई है जो बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुचाने में लग गई है।
जानकारी मुताबिक जिले में लगभग 90 हजार हेक्टेयर खड़ी फसल बाढ़ के पानी मे डूब गई है। सबसे खराब हालात बलरामपुर सदर तहसील के अंतर्गत आने वाले अनेक गांव हैं, जो बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। हजारों लोग बाढ़ में फंस गए है और अपने घर की छतों पर भूखे प्यासे बैठे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। ललिया क्षेत्र में डीप पार करते समय 2 किशोर पानी में बह गए जिनकी तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि बाढ़ का पानी अब बलरामपुर शहर में प्रवेश कर गया है। बलरामपुर- बहराइच मार्ग पर कर्बला के सामने 2-2 फुट बाढ़ का पानी चल रहा है। शहर के कई मोहल्ले वासियों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। नगर के मुख्य चौराहे पर स्थित दुकानों में बाढ़ का पानी भर गया है। लोग अपनी दुकानों का सामान दूसरी जगहों पर ले जा रहे है। हालात को बिगड़ता देख एनडीआरएफ की टीम बुला ली गई है जो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुचाने में जुट गई है।