मणिपुर की घटना पूरे देश के लिए शर्म की बात, अब तक चुप क्यों थे प्रधानमंत्री: खाबरी
punjabkesari.in Friday, Jul 21, 2023 - 08:49 PM (IST)

लखनऊ: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि मणिपुर की घटना पूरे देश के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि किसी की उंगली में मामूली चोट आने पर प्रधानमंत्री ट्वीट करने से नहीं चूकते वह मणिपुर की घटना पर अब तक चुप क्यों रहे? जिस तरह से महिलाओं को नग्न घुमाने का वीडियो वायरल हुआ, वह घटना पूरे देश को शर्मसार करती है।
मणिपुर घटना पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
मणिपुर की घटना पर उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विधान भवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच धक्का- मुक्की हुई। पुलिस ने आंदोलनकारियों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। प्रदेश महिला कांग्रेस मध्य जोन की अध्यक्ष ममता चैधरी के नेतृत्व में सैंकड़ों की संख्या में महिलाएं दोपहर में विधान भवन के सामने पहुंची और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने बैरीकेटिंग कर उन्हें रोक दिया। इस पर महिलाओं व पुलिस में पुलिस धक्का-मुक्की होती रही। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया, जिन्हें ईको गार्डेन पार्क ले जाकर छोड़ दिया गया।
मणिपुर सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जाएः ममता चौधरी
इससे पूर्व महिला कांग्रेस मध्य जोन की अध्यक्ष ममता चौधरी ने कहा कि मणिपुर की घटना पूरे देश के लिए शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि मणिपुर सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।