8 साल में बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर, अब देश का विकास इंजन बना
punjabkesari.in Monday, Apr 14, 2025 - 03:42 PM (IST)

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्यों की सूची से बाहर निकल चुका है और देश के विकास का इंजन बन गया है। लखनऊ में फिक्की की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को पिछड़ा राज्य माना जाता था, लेकिन अब यह देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि आजादी के समय उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत के बराबर थी, लेकिन धीरे-धीरे यह गिरती गई। एक समय ऐसा भी आया जब यह राष्ट्रीय औसत के सिर्फ एक तिहाई रह गई। इसी कारण राज्य को 'बीमारू' की श्रेणी में रखा गया।
उन्होंने बताया कि पिछले 8 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने तेज़ी से तरक्की की है। अब राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और विकसित राज्यों की कतार में खड़ा है। योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के सामने एक नई तस्वीर पेश कर रहा है — एक मजबूत, विकसित और आत्मनिर्भर प्रदेश की।