यूपी: 13 सीटों पर हो रहा मतदान शाम 6 बजे खत्म, 57.58 फीसदी हुई वोटिंग

punjabkesari.in Monday, Apr 29, 2019 - 07:24 PM (IST)

लखनऊ: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान सोमवार शाम 6 बजे खत्म हो गया। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि चौथे चरण में राज्य की 13 सीटों शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर के लिए मतदान सुबह 7 बजे से जारी था जो शाम 6 बजे तक चला। आयोग के सूत्रों के मुताबिक शाम 6 बजे करीब 57.58 फीसदी मतदान हुआ है। सभी केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ है। 

बता दें कि शुबह से मतदाताओं में वोटिंग के लिए खासा जोश-ओ-खरोश नजर आया। मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारें लग चुकी थीं। इस बीच, कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी के कारण मतदान बाधित होने की खबरें मिली हैं। कन्नौज, फर्रु खाबाद समेत कई जिलों में ईवीएम खराब होने से मतदाताओं में खासी नाराजगी देखने को मिली। 

6 बजे तक मतदान प्रतिशत:-

क्रमांक लोकसभा सीट वोटिंग प्रतिशत
1. शाहजहांपुर 50.87%
2. खीरी 63.00%
3. हरदोई 57.49%
4. मिश्रिख 56.20%
5. उन्नाव 59.33%
6. फरुर्खाबाद 59.37%
7. इटावा 56.46%
8. कन्नौज 59.48%
9. कानपुर 51.09%
10. अकबरपुर 55.80%
11. जालौन 56.58%
12. झांसी 63.00%
13. हमीरपुर 60.51%

PunjabKesari
बताया जा रहा है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए लगभग 1.5 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इस चरण में केंद्रीय बलों की 200 से अधिक कंपनियों को तैनात किया गया है। लोकसभा की 13 सीटों के साथ, खीरी में निघासन विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव भी होगा। यह सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्य की मौत होने के कारण खाली हुई है। विधानसभा उपचुनाव में 7 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में कुल 2,38,88,367 मतदाता हैं, जिनमें 1,29,75,125 पुरुष मतदाता, 1,09,12,012 महिला और 1,230 तीसरे लिंग के मतदाता हैं।

PunjabKesariइस चरण में पहली बार मताधिकार का प्रयोग करने वाले युवाओं की संख्या 3,56,005 है जबकि 80 वर्ष से अधिक के 4,54,508 मतदाता हैं। इस चरण में कुल 27,513 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुबह सवेरे अधिसंख्य क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई। इनमें सुबह की सैर पर जाने वाले बुजुर्गों और महिलाओं की खासी तादाद थी। गर्मी से बचने के लिए लोगबाग जल्द ही मतदान केन्द्रों का रूख कर रहे हैं। मतदान केन्द्रों पर पानी, पंखा और व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा चिकित्सकों को भी कई मतदान केन्द्रों पर तैनात किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static