Barabanki: अवसानेश्वर महादेवा मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचे चोर, 8 किलो चांदी समेत 25 लाख की चोरी, आभूषण व नगदी पर हाथ साफ!
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 01:41 PM (IST)
Barabanki News : बाराबंकी जनपद के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित सुप्रसिद्ध और पौराणिक अवसनेश्वर महादेव मंदिर को मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे लोहे के कैंची गेट (चैनल गेट) को काटकर भीतर प्रवेश किया और करीब 25 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण व दानपात्र की नगदी लेकर फरार हो गए।
7 से 8 किलो चांदी चुराई
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से मंदिर पर धावा बोला। मंदिर के मुख्य गर्भगृह तक पहुंचने के लिए चोरों ने मुख्य द्वार के लोहे के जालीदार चैनल को औजारों की मदद से तोड़ दिया। मंदिर के भीतर प्रवेश करने के बाद चोर वहां मौजूद करीब 7 से 8 किलो चांदी जिसमें चांदी का क्षण, आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं वह बटोर ले गए। साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा दानपात्र में चढ़ाई गई धनराशि पर भी हाथ साफ कर दिया।
नजारा देख मंदिर के पुजारी के उड़े होश
घटना का खुलासा बुधवार सुबह तब हुआ जब मंदिर के पुजारी नित्य पूजन के लिए पहुंचे। मुख्य द्वार का चैनल टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर चांदी के आभूषण गायब मिले। पुजारी ने तत्काल मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजय गिरी को सूचित किया। चोरी की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ और कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर प्रशासन से घटना की जानकारी ली और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है। घटना के बारे में अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर से एक चांदी की एक क्षण और आभूषण गायब हुए हैं, मैं खुद मौके पर मौजूद हूं, पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

