मान्यवर कांशीराम की प्रतिमा का अनावरण कर बोले अखिलेश- आज समाजवादी पार्टी में हैं बसपा के सभी बड़े नेता

punjabkesari.in Monday, Apr 03, 2023 - 09:46 PM (IST)

रायबरेलीः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को रायबरेली पहुंचे। यहां उन्होंने मान्यवर कांशीराम महाविद्यालय चरूहार, जियायक में बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह लड़ाई लम्बी है। समाजवादियों ने बहुत प्रयोग किये। हमने भी कोशिश की। हमने बसपा से गठबंधन भी किया। बसपा जीरो से दस पहुंच गयी थी। आज बसपा के सभी बड़े नेता समाजवादी पार्टी में है।

PunjabKesari

जो भाजपा की इनडायरेक्ट मदद करते हैं, उनसे भी सावधान रहना होगा
अखिलेश यादव ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि भाजपा दूसरों का साथ लेकर भी चुनाव लड़ती है। इसलिए भाजपा से तो सावधान रहना ही होगा। साथ ही जो भाजपा की इनडायरेक्ट मदद करते हैं, उनसे भी सावधान रहना होगा। भाजपा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करती है। नौजवानों को रोजगार के नाम पर झूठा प्रचार करती है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई।

PunjabKesari

प्रतिव्यक्ति आय दोगुनी हो गई लेकिन आम जनता की नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते है प्रतिव्यक्ति आय दोगुनी हो गई लेकिन आम जनता की आय दोगुनी नहीं हुई। सिर्फ भाजपा सरकार के अधिकारियों की आय दोगुनी हुई है। इसी तरह से सरकार यूपी की ग्रोथ रेट का गलत आंकड़े देकर झूठ बोल रही है। वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनामी बनाने का सपना दिखा रही है। झूठ को सच बनाने के लिए अमेरिका की कम्पनी को 200 करोड़ रूपये देकर उसकी मदद ले रही है। किसान अपने फसल की खरीद के लिए मंडी की तलाश कर रहा है। आज गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। सरकारी खरीद इसलिए नहीं हो रही है क्योंकि भाजपा सरकार ने देश की कम्पनियों को गेहूं खरीद का लाईसेंस दे दिया है। लाईसेंस देकर आढ़तियों के द्वारा पूरा का पूरा गेहूं खरीदा जाएगा। इसके बाद कारोबारी लोग महंगा आटा बेचेंगे। किसानों के गेहूं की सप्लाई महंगे आटे के रूप में उद्योगपति लोग करेंगे।

PunjabKesari

मंहगाई पर जनता कुछ न बोले इसलिए दिया जा रहा राशन
अखिलेश यादव ने कहा कि आज सरसों का तेल कहां पहुंच गया। रिफाइंड तेल कहां पहुंच गया। दाल की कीमत, डीजल, पेट्रोल, सिलेण्डर, बिजली की कीमत सब महंगा हो गया। महंगाई और बेरोजगारी पर जनता कुछ न बोले और आवाज न उठाए इसलिए कुछ रुपये का राशन दिया जा रहा है। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जनता जागरूक हुई है। जनता बदलाव की तरफ चल पड़ी हैं आने वाले समय में लोकसभा चुनाव 2024 और 2027 के विधानसभा चुनाव में देश और उत्तर प्रदेश में बदलाव होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static