Weather today: 28 अक्टूबर तक रहेगा मौसम शुष्क, इस दिन हो सकती है बारिश, तापमान में गिरावट का अनुमान
punjabkesari.in Friday, Oct 24, 2025 - 12:10 PM (IST)
लखनऊ: प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण 28 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, दक्षिणी अंडमान सागर के पास मध्य ऊष्णकटिबंधीय चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से 24 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर एक निम्नदाब क्षेत्र बन सकता है। यदि यह विकसित हुआ, तो 29 अक्टूबर को वाराणसी और प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जैसे ही मौसम तंत्र सक्रिय होगा, तब सटीक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने बताया कि आने वाले 3-4 दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
वाराणसी में अधिकतम तापमान: 34°C
- यह सामान्य से 1.5 से 2.5°C अधिक है।
वाराणसी में न्यूनतम तापमान: 25°C
- यह सामान्य से 5 से 6.5°C अधिक है।
बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान: 33.8°C
- बाबतपुर क्षेत्र में न्यूनतम तापमान: 23.5°C
आर्द्रता: 74% से 89% के बीच बनी हुई है।
इस वजह से रात में भी गर्मी का अहसास हो रहा है।

